जयपुर

Teerth Yatra Yojana: बड़ा तोहफा, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए जल्द शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन

free pilgrimage scheme India: पशुपतिनाथ दर्शन तक हवाई यात्रा: सरकार का बड़ा तोहफा वरिष्ठ नागरिकों के लिए। देवस्थान मंत्री के निर्देश: तीर्थ यात्रा योजना को आसान और पारदर्शी बनाने पर जोर।
2 min read
Apr 28, 2026
teerth yatra yojana
Photo AI

Rajasthan senior citizen pilgrimage scheme: राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। देवस्थान विभाग द्वारा संचालित इस योजना के लिए पोर्टल को अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

मंगलवार को जयपुर स्थित शासन सचिवालय में आयोजित यात्रा संचालन समिति की समीक्षा बैठक में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल में आवश्यक तकनीकी सुधार कर इसे उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया जाए, जिससे वरिष्ठ नागरिक आसानी से आवेदन कर सकें।

इस योजना के प्रभावी संचालन के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं देवस्थान मंत्री करेंगे। समिति में गृह, अल्पसंख्यक मामलात, पर्यटन और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इस समिति की पहली बैठक में योजना की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

इस वर्ष योजना के तहत करीब 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित ट्रेनों के माध्यम से देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। वहीं, करीब 6 हजार यात्रियों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करवाने की भी व्यवस्था की गई है। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।

बैठक में वर्ष 2026 की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट में स्वीकृत सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष की अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

इसके अलावा, राज्य के प्रमुख मंदिरों में सुबह और शाम की आरती के ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था शुरू करने के लिए भी व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल से श्रद्धालुओं को घर बैठे ही मंदिरों के दर्शन का लाभ मिल सकेगा।

बैठक में देवस्थान विभाग की शासन शुचि त्यागी, आयुक्त एलएन मंत्री, अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
28 Apr 2026 10:46 pm
Published on:
28 Apr 2026 10:46 pm