
जयपुर। मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड स्थित रेस्टोरेंट में हुई आगजनी की घटना के अब राज्य सरकार नींद से जागी है। निकायों की ओर से इस तरह के रूफ टॉप रेस्टोरेंट, बार, डिस्कोथेक के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद विभाग ने अब सभी निकायों को कार्रवाई का आदेश जारी किया है।
स्वायत्त शासन विभाग के सचिव की ओर से जारी आदेशों में बताया कि शहरी क्षेत्रों में कॉमर्शियल मॉल, आवासीय कॉम्प्लेक्स व रिहायशी घरों की छतों पर नगरीय निकायों की बिना अनुमति के इस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही है। इनमें कई में खुले में एलपीजी सिलेण्डर का उपयोग होता है, जिससे
दुर्घटना घटने की आशंका अधिक होती है। कई जगहों पर न तो पार्किंग है और न ही आग बुझाने के समुचित साधन है। ऐसे में शहरों में इस तरह के संचालित रूफ टॉप रेस्टोरेंट, बार, डिस्को का सर्वे कर उनकी जांच करवाएं। साथ ही नेशनल बिल्डिंग कोड के प्रावधानों की पालना करवाते हुए अवैध रूप से संचालित ऐसी गतिविधियों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करके रिपोर्ट पेश करें।
भगदड़ मची तो इमरजेंसी निकासी भी नहीं
इसी तरह इन रेस्टोरेंट, बार आदि में आगजनि या भगदड़ की स्थिति में इमरजेंसी निकासी द्वार का भी कोई प्रबंध नहीं होता। यही नहीं देर रात तक इनमें डीजे या म्यूजिकल इंस्टू्रूमेंट बजाए जाते है, जिससे आस-पास के रिहायशी इलाकों में रहने वाली जनता परेशान होती है।
जयपुर नगर निगम जारी कर चुका है 40 नोटिस
मुंबई में घटी इस घटना के बाद नगर निगम जयपुर प्रशासन ने शहर के कई रेस्टोरेंट, होटल, बार में छापे मारकर अग्निशमन व्यवस्था की जांच की थी। इस दौरान पर्याप्त फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं पाए जाने पर करीब 40 होटल, बार अथवा रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किए थे।