जयपुर

Rajasthan: शिक्षा मंत्री जी.. ‘मैं तो VRS ले लूंगा, लेकिन आपकी जिद भाजपा को ले डूबेगी’, ट्रांसफर के बाद शिक्षक की पोस्ट वायरल

राजस्थान में तबादलों को लेकर असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। धौलपुर के एक शिक्षक की सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। 59 साल की उम्र में करीब 500 किलोमीटर दूर तबादला होने के बाद शिक्षक ने शिक्षा मंत्री पर नाराजगी जताते हुए लिखा कि वह वीआरएस ले लेंगे, लेकिन मंत्री की जिद भाजपा को नुकसान पहुंचाएगी।
2 min read
Jul 14, 2026
Rajasthan teacher transfer
Rajasthan Teacher Transfer: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और शिक्षक ओमवीर पेलावत (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। राजस्थान में हाल ही में हुए तबादलों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों की नाराजगी लगातार सामने आ रही है। इसी बीच धौलपुर जिले के एक शिक्षक की सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने अपने तबादले पर नाराजगी जताते हुए शिक्षा मंत्री पर तीखी टिप्पणी की है। पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। वहीं पोस्ट पर लगातार लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

दरअसल, शिक्षक ओमवीर पेलावत का तबादला धौलपुर से करीब 500 किलोमीटर दूर झालावाड़ कर दिया गया है। 59 वर्षीय पेलावत ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए लिखा, "खैर, मैं तो वीआरएस ले लूंगा, लेकिन शिक्षा मंत्री आपकी जिद भाजपा को ले डूबेगी।" उनकी यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

शिक्षक ने बताया खुद को बीजेपी से जुड़ा

पोस्ट में ओमवीर पेलावत ने खुद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का द्वितीय वर्ष शिक्षित कार्यकर्ता बताते हुए लिखा कि उनके पिता भाजपा के ईमानदार कार्यकर्ता रहे हैं और इस बात को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी जानती हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भी कई बार भाजपा का जिला प्रमुख और प्रधान बनवाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।

59 की उम्र में 500 किमी दूर ट्रांसफर

शिक्षक ने आगे लिखा कि उन्होंने पदोन्नति स्वीकार कर ली, लेकिन इसके बाद उनका तबादला 59 वर्ष की उम्र में 500 किलोमीटर दूर झालावाड़ कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनका स्थानांतरण किसी रिक्त पद पर भी नहीं किया गया, जिससे उन्हें मानसिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

तबादलों को लेकर बीजेपी के अंदर असंतोष

इधर, तबादला सूची को लेकर भाजपा के भीतर भी असंतोष खुलकर सामने आ रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय और कई मंत्रियों के आवास पहुंचे। कुछ भाजपा विधायकों ने भी प्रदेश नेतृत्व के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि तबादलों में उनकी अनुशंसाओं की अनदेखी की गई है।

अभी भी हो रहे बैक डेट में तबादले

दूसरी तरफ ट्रांसफर को लेकर एक और मामला सामने आया है। सरकार की तरफ से 10 जुलाई को तबादले बंद कर दिए गए, लेकिन लेकिन विभिन्न विभागों से बैकडेट में तबादला सूची जारी होने की चर्चा है। ऐसे में कुछ कर्मचारी और कार्यकर्ता लगातार अपने मामलों के समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

शिक्षा विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि हाल के तबादलों को लेकर पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ा है और कई लोग सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी सार्वजनिक कर रहे हैं। फिलहाल, ओमवीर पेलावत की वायरल पोस्ट को लेकर शिक्षा विभाग या भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Updated on:
14 Jul 2026 09:40 pm
Published on:
14 Jul 2026 09:34 pm