Transfer List Update : राजस्थान के आइएएस, आइपीएस और आरएएस अधिकारियों की तबादला सूचियों का इंतजार लंबा होता जा रहा है। इन सूचियों पर मंथन चल रहा है। सवाल है कि कब आएगा ट्रांसफर का आदेश।
Transfer List Update : राजस्थान के आइएएस, आइपीएस और आरएएस अधिकारियों की तबादला सूचियों का इंतजार लंबा होता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से इन सूचियों पर मंथन चल रहा है। अधिकारियों को तबादला सूची का इंतजार इसलिए भी है क्योंकि बड़ी संख्या में अधिकारियों की पदोन्नति हुई है और कई के पास अतिरिक्त प्रभार हैं। वहीं करीब 20 से ज्यादा आइएएस अधिकारियों के पास काम नहीं है।
वर्ष 2022 बैच के 10 आइएएस अधिकारी ऐसे हैं, जिन्हें राइजिंग राजस्थान के लिए उद्योग विभाग में ओएसडी लगाया था, अब वहां उनका काम नहीं है, लेकिन अभी तक उन्हें वहां से हटाकर नई जगह पर नहीं लगाया है। इसके अलावा 11 आइएएस अधिकारी एपीओ हैं। इनमें खत्म किए गए छह जिलों में जिला कलक्टर के पद से हटाए गए 6 आइएएस अधिकारी भी शामिल हैं।
दो आइएएस अधिकारियों के खिलाफ जांच चल रही और तीन आइएएस अन्य कारणों से एपीओ हैं। भारतीय पुलिस सेवा के 6 अधिकारी और पांच आरएएस अधिकारी एपीओ चल रहे हैं। इनके अलावा आरएएस से आइएएस बने 11 अधिकारियों को नए पद पर तैनाती का इंतजार है।
भारतीय पुलिस सेवा के कई अधिकारी पदोन्नति के बाद भी पुराने पदों का ही दायित्व संभाल रहे हैं। गत 1 जनवरी से पदोन्नति पाने वाले आइपीएस अधिकारियों का भी नई जगह पदस्थापन नहीं हुआ है।