
Rajasthan University Rajasthan College Fresher Party Controversy: जयपुर: राजस्थान विश्वविद्यालय के राजस्थान कॉलेज में बुधवार को फ्रेशर पार्टी के आयोजन की मांग को लेकर छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद हो गया। प्रिंसिपल से मिलने पहुंचे छात्रों ने काफी देर तक इंतजार करने के बाद हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह चुंडावत ने प्रिंसिपल की कुर्सी हटा दी। विवाद बढ़ने पर कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। मामले में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सहित अन्य छात्रों के खिलाफ गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
छात्रों का कहना था कि राजस्थान कॉलेज में हर साल नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार दिसंबर नजदीक आने के बावजूद आयोजन नहीं हुआ। इसी मांग को लेकर छात्र प्रिंसिपल सुनीता शर्मा से मिलने पहुंचे थे। छात्रों के मुताबिक, प्रिंसिपल अपने अंदर के चैंबर में थीं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह चुंडावत ने प्रिंसिपल की कुर्सी हटा दी। हंगामा बढ़ता देख कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस कॉलेज पहुंची। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सहित अन्य छात्रों के खिलाफ गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
कॉलेज प्रशासन की ओर से दी गई रिपोर्ट में छात्रों पर राजकार्य में बाधा डालने, प्रिंसिपल के साथ अभद्र व्यवहार करने, जबरन चैंबर में घुसने और प्रशासनिक बैठक में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रिंसिपल को काम नहीं करने देने की धमकी देने, कुर्सी खींचने और तोड़फोड़ की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है।
फ्रेशर पार्टी की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद कॉलेज प्रशासन ने इसके आयोजन का आदेश जारी कर दिया। हालांकि, दूसरी ओर कॉलेज प्रशासन ने हंगामा करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।