जयपुर

एलएलबी के परीक्षा आवेदन शुरू, यहां और इस तरह भरें परीक्षा फॉर्म

अन्य परीक्षाओं के विद्यार्थी भी हो रहे हैं परेशान...
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2017, 11:54 AM IST
RU

जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय ने एलएलबी परीक्षा के लिए आवेदन प्रकिया शुरू कर दी है, लेकिन वेबसाइट की वजह से विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे है। दरअसल एलएलबी सप्लीमेंट्री और मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से ही शुरू हो गई थी। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एलएलबी परीक्षा के लिए लिंक ही नहीं खुल पा रहा है। ऐसे में विद्यार्थी आवेदन ही नहीं कर पा रहे हैं। यही नहीं नोटिफिकेशन में दी गई वेबसाइट खोलने पर विद्यार्थियों को हिदायत दी जा रही है कि परीक्षा फॉर्म भरने के लिए ई-मित्र कियोस्क पर संपर्क करें।

जबकि स्नातक व स्नातकोत्तर परीक्षा के लिए आवेदन से लेकर फीस जमा होने का कार्य विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ही हो रहा है। हालांकि यूजी और पीजी के परीक्षा फॉर्म भरने में विद्यार्थियों को खासी परेशानी हो रही है। कई बार वेबसाइट हैंग होने और आवेदन में गलत जानकारी दिखाए जाने से विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।

फुटबॉल बने विद्यार्थी
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी अपनी परेशानियों को लेकर फुटबॉल बन गए हैं। जिस भी विद्यार्थी के आवेदन में गलती है या विद्यार्थी को परेशानी है तो उसकी परेशानी को दूर करने के लिए उसे प्रशासनिक भवन में चक्कर लगवाए जा रहे हैं। परेशानी को हल करने के लिए हेल्प डेस्क पर बैठे फॉर्म भरने वाली कम्पयूटर फर्म के कर्मचारी परीक्षार्थियों को परीक्षा नियंत्रक के 101 नंबर कमरे में भेज देते हैं। वहां जाने भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और वहां से उन्हें फिर से फर्म के कर्मचारियों के पास भेज दिया जाता है। ऐसे में परीक्षा नियंत्रक और फर्म के कर्मचारी विद्यार्थियों की परेशानी दूर करने के बजाय केवल चक्कर लगवा रहे हैं।

हमारे पास नहीं है ठेका
वहीं एलएलबी परीक्षा फॉर्म नहीं भरने की शिकायत आज दूसरे दिन भी दूर नहीं हो सकी है। हेल्प डेस्क पर बैठे फर्म के कर्मचारियों का कहना है कि फॉर्म भरवाने का ठेका हमारे पास नहीं है बल्कि पुरानी फर्म ही काम को देख रही है। आप उनसे ही बात करो, लेकिन पुरानी फर्म का कोई भी कर्मचारी हेल्प डेस्क पर नहीं है। इसके साथ ही परीक्षा नियंत्रक कार्यालय भी फर्म से ही फॉर्म नहीं भरे जाने का कारण पूछने का हवाला दे रहा है और विद्यार्थियों को चक्कर लगवा रहा है। ऐसे में जिम्मेदार भी फर्म को ठेका दे जिम्मेदारी मुक्त हो गए हैं।

Published on: