जयपुर

Rajasthan Weather: 29 जिलों में सामान्य से कम बारिश, 18 जिले सूखे; क्या अगस्त-सितंबर में भी नहीं बरसेंगे बदरा?

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की सुस्ती ने चिंता बढ़ा दी है। अलनीनो के प्रभाव के कारण प्रदेश में अब तक औसतन 10.56 प्रतिशत कम बारिश हुई है। राज्य के 29 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जिनमें से 18 जिले अब भी पूरी तरह सूखे हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगस्त और सितंबर महीने में भी अच्छी बारिश के आसार कम हैं।
2 min read
Aug 02, 2026
Rajasthan Rain News
राजस्थान के 29 जिलों में बारिश की भारी कमी, अगस्त-सितंबर में भी राहत के आसार कम (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Rain News: जयपुर: राजस्थान में सामान्यतः अगस्त की शुरुआत तक बारिश का एक कोटा पूरा हो जाता है। लेकिन इस बार सात दिन देरी से सक्रिय हुए मानसून ने निराश ही किया है। मौसम विभाग ने पिछले महीने (आषाढ़) में अलर्ट पर अलर्ट जारी किए, लेकिन कुछ एक स्थानों पर ही बारिश होकर रह गई।

वहीं, अब सावन में भी बारिश की संभावनाएं जताई जा रही हैं। लेकिन धरातल पर वह भी दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि, अलनीनो के प्रभाव से मानसून कमजोर हुआ है। लेकिन मौसम विभाग पूरी तरह से बारिश का आकलन लगाने में सफल नहीं रहा।

जुलाई महीने की बात करें तो इन 30 दिनों में मानसून राज्य में ज्यादा असरदार नहीं रहा है। मानसून के रिपोर्ट कार्ड को देखें तो प्रदेश में बारिश का आंकड़ा 31 जुलाई तक की औसत बारिश को भी पार नहीं कर पाया है। अभी तक प्रदेश में सामान्य से 10.56 फीसदी कम बारिश हुई है। चौंकाने वाली बात है कि 29 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें 18 जिले सूखे हैं।

इधर, अगस्त-सितंबर में मौसम केंद्र ने सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई है। ऐसे में राज्य में इस मानसून पर संकट के बादल नजर आ रहे हैं। शनिवार को बीते 24 घंटे में बांसवाड़ा के कुशलगढ़ और डूंगरपुर के वेंजा में 2.36-2.36, सलूंबर में 2.24, डूंगरपुर के बांकोरा में 2.16 और कोटा के मंडाना में 2.12 इंच बारिश दर्ज की गई। अलवर में 38 मिमी और पिलानी में 18.4 मिमी वर्षा हुई, जबकि जयपुर शहर में हल्की बारिश हुई।

अगस्त-सितंबर में भी संकेत अच्छे नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र ने अगस्त और सितंबर में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। उसमें राजस्थान में दोनों महीने में अच्छी बारिश के कोई संकेत नहीं है। पूरे राजस्थान में इन दोनों महीने में सामान्य से कम ही बारिश का अनुमान जताया है।

आज उदयपुर-जोधपुर में बारिश का अलर्ट

मध्य भारत के ऊपर बना डिप्रेशन कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में परिवर्तित हो चुका है तथा वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से 2 अगस्त को उदयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3-5 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है।

बीते छह दिन का पूर्वानुमान और स्थिति

तारीखपूर्वानुमानये हुआ
31 जुलाईउदयपुर-जोधपुर संभाग में अति भारी, जयपुर-कोटा-अजमेर में हल्की बारिशजैसलमेर, कोटा, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़ में सामान्य बारिश
30 जुलाईकोटा-उदयपुर संभाग में अतिभारी बारिश की चेतावनीभीलवाड़ा में 3.34, हनुमानगढ़ में 3, प्रतापगढ़ में 2.67, श्रीगंगानगर में 1.26, जयपुर में 1 इंच बारिश
29 जुलाईपूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्टजयपुर सहित 22 शहरों में बारिश, 8 शहरों में दो इंच से अधिक बारिश
28 जुलाईएक हफ्ते सक्रिय रहने का अनुमानसिरोही, स. माधोपुर, चित्तौड़, करौली, डूंगरपुर, भरतपुर, पाली में बारिश
27 जुलाईबारिश नहींबीकानेर-जोधपुर के क्षेत्रों में बारिश
26 जुलाईबारिश नहींप. राजस्थान (बाड़मेर) में तेज बारिश
Updated on:
02 Aug 2026 07:46 am
Published on:
02 Aug 2026 07:46 am