Rajasthan Weather Alert: मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में मेघगर्जन, हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में मौसम अचानक बदलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
जयपुर। प्रदेश में मौसम को लेकर मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आगामी तीन घंटों के दौरान कई जिलों में मेघगर्जन, हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह वीडियो भी देखें
मौसम विभाग के अनुसार नागौर, जोधपुर, सिरोही, जैसलमेर, अजमेर, टोंक, करौली, भीलवाड़ा, धौलपुर, बूंदी, कोटा, सवाईमाधोपुर, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा जिलों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और मौसम सामान्य होने तक इंतजार करने को कहा गया है। वहीं दूसरी ओर, प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। अगले एक-दो दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हीटवेव या गर्म रातें दर्ज की जा सकती हैं। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
आगे की स्थिति को लेकर विभाग ने बताया कि 28 से 30 अप्रैल के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी भागों के साथ कुछ अन्य क्षेत्रों में मेघगर्जन, आंधी और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। कुल मिलाकर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा, जहां एक ओर तेज गर्मी का असर रहेगा, वहीं दूसरी ओर आंधी और बारिश से राहत भी मिल सकती है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और आंधी के साथ 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और हल्की बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता का स्तर 24 से 58 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।