जयपुर

IMD Alert 2 May: सुबह-सुबह आ गया अलर्ट, अगले दो घंटे में कई जिलों में तेज आंधी-बारिश से भीगेगा राजस्थान

Rajasthan weather: विभाग ने जयपुर, सीकर, टोंक, दौसा और झुंझुनूं जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

2 min read
May 02, 2026
Rajasthan weather Today
Photo Patrika

IMD alert in Rajasthan: जयपुर. मौसम विभाग की तात्कालिक चेतावनी के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों में मौसम अचानक बदल सकता है। विभाग ने जयपुर, सीकर, टोंक, दौसा और झुंझुनूं जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। जयपुर में आज सुबह तेज बारिश भी शुरू हो गई।

वहीं धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, कोटपूतली—बहरोड, चूरू और हनुमानगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह चेतावनी आज सुबह साढे आठ बजे जारी की है। इसका असर तीन घंटे तक रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने को कहा गया है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।

राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

जयपुर। प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। बीते 9 घंटों के मौसम आंकड़ों के अनुसार राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शाम 5:30 बजे तक राज्य में औसत आर्द्रता 15 से 40 प्रतिशत के बीच रही, जिससे गर्मी के साथ हल्की उमस भी महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर आगामी दिनों में देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के साथ-साथ राजस्थान के मौसम में भी बदलाव की संभावना है।

पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि मई के पहले सप्ताह में दोपहर बाद कई क्षेत्रों में मौसम बदलने की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इन गतिविधियों से प्रदेशवासियों को हीटवेव से आंशिक राहत मिल सकती है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें।

Updated on:
02 May 2026 09:40 am
Published on:
02 May 2026 09:39 am