जयपुर

Weather Update : राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज

Weather Update : राजस्थान से एक तरफ मानसून विदाई ले रहा है दूसरी तरफ लगातार तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। जैसलमेर में आज अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जानिए बारिश पर नए अपडेट।
2 min read
rajasthan weather change jaisalmer maximum temperature 41.5 degrees celsius
Weather Update : एआइ से बना फोटो

Weather Update : राजस्थान से एक तरफ मानसून विदाई ले रहा है दूसरी तरफ लगातार तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। एक तरफ मौसम विभाग ने 2-3 दिन में राजस्थान के कुछ और भागों से मानसून विदा होने की संभावना जताई है वहीं 22 सितंबर को राजस्थान में पारा 42 के करीब जा पहुंचा। जैसलमेर में जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं बीकानेर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न सिर्फ अधिकतम बल्कि न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। राज्य में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान फलौदी में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जालौर का 28.7 और बाड़मेर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने राजस्थान के अधिकांश भागों में 23, 24 और 25 सितंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। दैनिक वर्षा पूर्वानुमान में पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में शुष्क मौसम का अनुमान दिया गया है वहीं 26, 27 और 28 सितंबर को भी पश्चिम राजस्थान में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है। वहीं 26, 27 और 28 सितंबर को राजस्थान के कोटा और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं बारिश का पूर्वानुमान है।

कुछ और भागों से मानसून होगा विदा!

वहीं जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 6-7 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की प्रबल संभावना जताई है। आगामी दो-तीन दिनों में राज्य के कुछ और भागों से मानसून विदा होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

सलूम्बर में सर्वाधिक 10 मिलीमीटर बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज फिर बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जबकि पूर्वी राजस्थान के सलूम्बर, उदयपुर, बांसवाड़ा और झालावाड़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। सलूम्बर में सर्वाधिक 10 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विज्ञानियों की भविष्यवाणी

मौसम विज्ञानियों ने बताया मानसून की विदाई के दूसरे चरण में राजस्थान के साथ-साथ पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के आधे हिस्से से मानसून की विदाई हो गई। राजस्थान की बात करें तो पूरे बीकानेर संभाग के अलावा सम्पूर्ण झुंझुनूं जिला और सीकर, नागौर के आंशिक हिस्सों से मानसून की विदाई हुई। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 2 दिन में राज्य के अन्य कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई की परिस्थितियां अनुकूल बताई है।

Updated on:
22 Sept 2026 10:59 pm
Published on:
22 Sept 2026 10:24 pm