जयपुर

राजस्थान में फिर बढ़ने लगी गर्मी, बाड़मेर में 37.6 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?

Rajasthan Weather: राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। चक्रवात अर्नब का असर खत्म होते ही गर्मी बढ़ने लगी है। बुधवार को बाड़मेर जिले में पारा 37.6°C पहुंच गया।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 9:35 PM IST
rajasthan weather update
बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी, 37.6 डिग्री पहुंचा पारा (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार, 4 नवंबर को बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जैसलमेर में पारा 36.3 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में हल्की ठंडक बनी हुई है। हालांकि, कुछ स्थानों पर रात का तापमान भी बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। फिलहाल, बारिश या तापमान में बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं।

बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी, 37.6 डिग्री पहुंचा पारा

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को राजस्थान के ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 36.3 और जोधपुर में 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश के 18 स्थानों पर अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

4 नवंबर को कहां कितना रहा अधिकतम तापमान

स्थानअधिकतम तापमान
बाड़मेर37.6°C
जैसलमेर36.3°C
जोधपुर35.6°C
चूरू35.2°C
पिलानी34.6°C
जवाई बांध, पाली34.6°C
चित्तौड़गढ़34°C
नागौर34°C
फतेहपुर34°C

फतेहपुर में सबसे कम रहा रात का तापमान

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कुछ स्थानों पर रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई, जबकि कुछ इलाकों में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को फतेहपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भीलवाड़ा में 14 और नागौर में 14.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

4 नवंबर को कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान

स्थानन्यूनतम तापमान
फतेहपुर12.4°C
भीलवाड़ा14°C
नागौर14.4°C
वनस्थली14.5°C
करौली14.6°C
सीकर14.7°C
डबोक14.7°C
चित्तौड़गढ़14.8°C
अजमेर15.2°C

अगले 7 दिन कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

मौसम विभाग ने 5 से 10 नवंबर तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग की ओर से जारी जिलेवार चेतावनी में भी आगामी दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। राजधानी जयपुर की बात करें तो 5 नवंबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

तूफान अर्नब का असर खत्म, अब बढ़ेगी गर्मी?

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद राजस्थान में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। वहीं, अर्नब के बाद आए चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का प्रदेश के मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है। ऐसे में फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने के साथ दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है।

Updated on:
4 Nov 2026, 9:35 PM IST
Published on: