जयपुर

Rajasthan Weather Update: फिर बढ़ेगी तपिश, हीटवेव का अलर्ट, बारिश का दौर पड़ेगा कमजोर

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही अब गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाएगी। मौसम केंद्र के अनुसार, 9 मई से राज्य में हीटवेव का नया दौर शुरू होने वाला है, जिससे तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी।
2 min read
May 06, 2026
बारिश (पत्रिका फोटो)
बारिश (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में मौसम ने करवट ली है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली है।

राजधानी जयपुर के शाहपुरा में सर्वाधिक 68 मिमी और सीकर ग्रामीण में 31 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को भी कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग सहित उत्तरी हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में बारिश की गतिविधियां कम होंगी और तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी। 9 मई से खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का नया दौर शुरू होने का अनुमान है।

बांसवाड़ा में बरसात, बालोतरा में ओलावृष्टि

बालोतरा जिले के समदड़ी कस्बे में मंगलवार शाम करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश के साथ ओले गिरे। बांसवाड़ा के आनंदपुरी कस्बे में दो घंटे तक तेज बारिश हुई। नागौर के मौलासर क्षेत्र के लादड़िया गांव में बिजली गिरने से विजय पारासर की मौत हो गई। उसकी बहन झुलस गई। डीडवाना में सोमवार को आए अंधड़ ने बीएसएनएल का मोबाइल टावर उखड़कर पास के मकान पर गिर गया।

उदयपुर में अंधड़-बरसात से आई ठंडक

पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में लगातार दूसरे दिन भी बदलाव देखने को मिला। मंगलवार शाम को अंधड़-बरसात से एकाएक शहर में हालात अस्त व्यस्त हो गए। इस दौरान शहर के कई इलाकों की बिजली बार-बार आती-जाती रही।

इस दौरान 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली। हालांकि, इस वजह से मौसम सुहाना हो गए और गर्मी का असर छूमंतर हो गया। इस बीच दो दिन में अधिकतम पारा 3 डिग्री और रात का तापमान 7 डिग्री तक गिर गया। ऐसे में तापमान औसत से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया।

मंगलवार को दिन की शुरूआत सामान्य, लेकिन सामान्य से काफी कम गर्मी के साथ हुई। दोपहर की धूप में भी तेजी कम थी। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही तेज हुई और शाम होते होते पूरा आसमान बादलों से अट गया।

बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली चमकने लगी। शाम 5.45 बजे हवा तेज हो गई और बौछारें गिरने लगी। करीब आधे घंटे तक तेज बौछारें गिरी, वहीं हल्की बरसात का क्रम दो घंटे तक चलता रहा। ऐसे में वातावरण पूरी तरह से ठंडा हो गया।

पेड़ गिरे तो रुक गए रास्ते

तेज हवाओं से शहर के कई जगह पेड़ गिरे। इससे यातायात बाधित हो गया। कैलाश कॉलोनी मछला मगरा डिस्पेंसरी के सामने पेड़ गिर गया, इससे मार्ग बाधित हो गया। इसी तरह से अन्य जगहों पर पेड़ गिरे हैं। सूचना पर नगर निगम के अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पेड़ों को हटाकर मार्गों बहाल करवाया।

तापमान औंधे मुंह गिरा

बदले मौसम से दो दिन में तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। जहां सोमवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, मंगलवार को अधिकतम 36.1 डिग्री और न्यूनतम 20.4 हो गया। ऐसे में दिन के पारे में करीब एक डिग्री और रात के पारे में करीब 7 डिग्री की गिरावट आ गई।

असर खत्म होते ही चढ़ेगा पारा

आगामी 3-4 दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आना संभव है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री बढ़ोतरी होने व हीट वेव का दौर शुरू होने की संभावना है। 8 से 11 मई के दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री दर्ज होने की संभावना है।

Published on:
06 May 2026 09:28 am