जयपुर

Rajasthan Weather: पश्चिमी विक्षोभ से मौसम का यू-टर्न; 28,29,30 मार्च को आंधी, बारिश और ओले गिरने का येलो अलर्ट, किसानों को भी चेतावनी

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कुछ हिस्सों में पश्विमी विक्षोभ का असर देखने को मिला है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 28 से 30 मार्च तक सिस्टम के असर राजस्थान में सबसे ज्यादा रहेगा। यहां कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है।
2 min read
Mar 27, 2026
राजस्थान में 30 मार्च तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, पत्रिका फाइल फोटो

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कुछ हिस्सों में पश्विमी विक्षोभ का असर देखने को मिला है। बीते गुरुवार को बने सर्कुलेशन सिस्टम के कारण प्रदेश में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश हुई। जबकि राज्य के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दिन के तापमान में बीते 24 घंटे में पांच डिग्री तक गिरावट आई है। वहीं, रात के तापमान में सामान्य से 5.8 डिग्री तक बढ़ोतरी देखी गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 28 से 30 मार्च तक सिस्टम के असर राजस्थान में सबसे ज्यादा रहेगा। यहां कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है।

धूलभरी आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं आंधी और बारिश के आसार हैं। 29 और 30 मार्च को इस विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा।
इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में तेज मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी करते हुए कहा है कि खुले में रखी फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें या ढककर रखें, ताकि बारिश और आंधी से नुकसान से बचा जा सके।

तेज धूप के बाद बारिश से मिली राहत

गुरुवार को बीकानेर, चूरू,श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, झुंझुनूं, सीकर के अलावा नागौर, जैसलमेर और जोधपुर के आसपास के भागों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। हालांकि जयपुर समेत कई जिलों में दिन में धूप की तीखी चुभन से भी लोग परेशान रहे।

आगामी 4 दिन का मौसम का पूर्वानुमान

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी 28 से 30 मार्च के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव की आशंका है। 28 मार्च को राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में आंधी और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।

29-30 मार्च को प्रदेश में पश्चिमी​ विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने का पूर्वानुमान है। मौसम केंद्र ने जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी हवा चलने और मेघगर्जन के साथ कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

अप्रेल में मौसम शुष्क, गर्मी से आंशिक राहत

मौसम विभाग के अनुसार अप्रेल माह के प्रथम सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

Published on:
27 Mar 2026 08:21 am