
जयपुर। जिला प्रमुख चुनावों में पिछले तीन चुनावों के दौरान बड़ा बदलाव आया है। वर्ष 2015 में 33 में से 63.6% जिलों में भाजपा के जिला प्रमुख थे, जो 2026 में घटकर 27% रह गए। वहीं कांग्रेस की हिस्सेदारी 36.4% से बढ़कर 64.9% हो गई। वर्ष 2020 में भाजपा का प्रतिशत 51.5 और कांग्रेस का 39.4 था। नए परिसीमन के बाद जिला प्रमुख के पद 33 से बढ़कर 41 हो गए हैं। फिलहाल 37 जिलों के परिणामों आए हैं। इनमें कांग्रेस के 24, भाजपा के 10 और अन्य के तीन जिला प्रमुख बने हैं। शेष चार जिलों के परिणाम 17 दिसंबर को आएंगे।
वर्ष 2015 में सत्ता में रहते भाजपा 33 में से 21 में ही जिला प्रमुख बना सकी थी। वर्ष 2020 में भाजपा को 17, कांग्रेस को 13 और अन्य को तीन पद मिले थे। इस बार विपक्ष में रहते कांग्रेस ने 37 जिलों में से 24 में प्रमुख बनाएं हैं, वहीं भाजपा 10 जिला प्रमुख ही बना सकी। निकायों में भाजपा के 202 और कांग्रेस के 97 प्रमुख पदों के मुकाबले ग्रामीण जिला परिषदों में कांग्रेस का 24 और भाजपा का 10 पर रहना दोनों चुनावों के अलग-अलग राजनीतिक रुझान दिखाता है।
देश के 37 जिला प्रमुखों के प्र चुनाव में सामाजिक समीकरणों के लिहाज से कांग्रेस का ओबीसी वर्ग में दबदबा रहा, जबकि सामान्य वर्ग में भाजपा आगे रही। कुल 15 ओबीसी जिला प्रमुखों में 13 कांग्रेस के हैं। वहीं सामान्य वर्ग की छह सीटों में भाजपा ने चार पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को दो सीटें मिलीं। आदिवासी क्षेत्रों में बीएपी की सफलता ने क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों को भी मजबूती दी है।
जयपुर-जोधपुर-भरतपुर जिले के शहरी निकायों में भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहा, लेकिन जिला परिषदों में कांग्रेस ने शीर्ष पद हासिल किया। जबकि यहां पर नगर निकाय चुनाव में नगर निगम महापौर पद पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। अजमेर और उदयपुर में भाजपा अपना जिला प्रमुख बनाने में सफल रही, यहां पर महापौर का पद भी भाजपा के पास है।
कांग्रेसः अलवर (अनिता मीणा), बाड़मेर (गफूर अहमद), ब्यावर (ममता गुर्जर), भरतपुर (रेनू बाला), भीलवाड़ा (कैलाश चंद मीणा), बीकानेर (निकिता डूडी), बूंदी (हंसा गुर्जर), चित्तौडगढ़ (रतनी देवी), दौसा (बीना बैरवा), धौलपुर (अनीशा सिंह), हनुमानगढ़ (रेणु जांगू), जयपुर (यशवरी शूरा), जैसलमेर (संतोष कुमारी), जालोर (आसू राम), झुंझुनूं (कोमल भंवरिया), जोधपुर (प्रमिला चौधरी), कोटपूतली-बहरोड़ (रामनिवास यादव), फलौदी (यशवंत कंवर), राजसमंद (सुंदर देवी कीर), सवाईमाधोपुर (आशा देवी बैरवा), सीकर (सुनीता गठाला), सिरोही (गुमान सिंह देवड़ा), टोंक (अलका बैरवा), सलूम्बर (पुष्पा देवी)।
भाजपाः अजमेर (पूजा भंसाली), बालोतरा (सुशील भील), चूरू (कनिका सिंह राठौड़), डीग (रेनू सिंह), झालावाड़ (वर्षा झाला), खैरथल-तिजारा (इंद्रजीत यादव), पाली (सीता देवी बावरी), प्रतापगढ़ (हकरी देवी), उदयपुर, (हिम्मत सिंह झाला) डीडवाना-कुचामन (बुद्धाराम)।
बीएपीः बांसवाड़ा (रीना रावत) और डूंगरपुर (अनुतोष रोत)
आरएलपीः नागौर (पांचाराम)
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि चुनाव के नतीजे विधानसभा चुनाव की जीत की गारंटी नहीं होते। कांग्रेस को चुनावी सफलता से अहंकार में नहीं आना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता इसका जवाब देंगे। 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर सरकार बनाएगी।