जयपुर

आनंदपाल गैंग में भी रह चुके हैं विक्रम और मनीष, राजू ठेहट की हत्या के लिए किसने मुहैया कराए हथियार?

Gangster Raju Theth murder: राजू ठेठ उर्फ राजू ठेहट की हत्या करने वाले शूटर विक्रम गुर्जर और मनीष जाट आनंदपाल गैंग में भी रह चुके हैं। ये दोनों पुलिस रिकॉर्ड पर नहीं आए थे।
2 min read
• •
Updated: 5 Dec 2022, 11:11 AM IST
raju_theth.jpg

Gangster Raju Theth murder: राजू ठेठ उर्फ राजू ठेहट की हत्या करने वाले शूटर विक्रम गुर्जर और मनीष जाट आनंदपाल गैंग में भी रह चुके हैं। ये दोनों पुलिस रिकॉर्ड पर नहीं आए थे। आनंदपाल गैंग से जुड़े कई बदमाश अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर हैं।

आनंदपाल की मौत के बाद उसकी गैंग और राजू ठेहट गैंग की दुश्मनी खत्म नहीं हुई। अब पड़ताल की जा रही है कि विक्रम व मनीष को राजू ठेहट की हत्या करने के लिए हथियार व मदद कहां से मिली। अब पुलिस आनंदपाल गैंग के सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

हिस्ट्रीशीटर राजू ठेहट की हत्या में शामिल पांचों शूटर्स को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सीकर और झुंझुनूं जिले से रविवार को पकड़ लिया। इनमें से दो पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है। वहीं एक नाबालिग है। पुलिस ने लूटी गई दोनों गाड़ियां, 5 पिस्टल और 83 कारतूस बरामद किए हैं।

एडीजी (अपराध) रवि मेहरड़ा ने बताया कि पांच में से दो शूटर्स नीमकाथाना के जोरावाली ढाणी निवासी मनीष उर्फ बच्चिया जाट (25) व खंडेला के बामरडा जोहडा निवासी विक्रम गुर्जर (28) को रात दो बजे हरियाणा के बॉर्डर पर पहाड़ियों से पकड़ा गया। इनसे पूछताछ के बाद सर्च अभियान चलाया गया।

गांव पापड़ा व पचलंगी की पहाड़ियों में अपराधियों की ओर से पुलिस निरीक्षक मनीष शर्मा व हिम्मत सिंह की टीम पर पांच फायर किए गए। पुलिस ने भी इन पर जवाबी फायरिंग की, जिससे हरियाणा के ढाढवा निवासी सतीश मेघवाल (40) तथा जतिन (24) पुत्र रतन सिंह के पैर में गोली लग गई। यहां से पुलिस ने एक नाबालिग को भी दस्तयाब किया है। आरोपियों के पास से विदेशी हथियार व चोरी की गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

Published on: