
राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी विजयी हुए हैं। भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी ने भी जीत हासिल की है। हालांकि निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा है। उधर, केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देश के चलते तय समय से करीब घंटे बाद काउंटिंग शुरू हुई।
कांग्रेस ने मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला और प्रमोद तिवारी को प्रत्याशी बनाया था। निर्दलीय, बीटीपी प्रत्याशियों के समर्थन के चलते कांग्रेस ने तीनों सीटों पर जीत हासिल की। वहीं भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी ने भी जीत हासिल की। भाजपा के पास 30 अतिरिक्त वोट थे। इसके दम पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्रा को समर्थन दिया था, लेकिन चंद्रा जीत नहीं पाए। रालोपा के तीनों विधायकों ने भी सुभाष चंद्रा को ही वोट दिया था। कांग्रेस का एक वोट रिजेक्ट हो गया।
शोभारानी ने दिया कांग्रेस उम्मीदवार को वोट
भाजपा की शोभारानी कुशवाह ने क्रॉस वोटिंग करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार को वोट डाल दिया। इसकी पुष्टि खुद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने की है। भाजपा विधायक कैलाश मीणा के वोट को लेकर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा में गर्मागर्मी नजर आई। उधर सिद्धीकुमारी ने गलत प्रत्याशी को वोट देने के मामले में वीडियो जारी कर कहा पार्टी ने जो आदेश दिया था, उसके अनुसार ही मैंने वोट किया है।
क्रॉस वोटिंग में आश्चर्य वाली क्या बात है
चुनाव परिणाम आने से पहले ही भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी डॉ सुभाष चंद्रा मतदान स्थल से चले गए। उन्होंने भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाहा के क्रॉस वोटिंग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जब मैं दूसरे से अपेक्षा कर सकता हूं कि वो मुझे वोट दें, तो फिर भाजपा ने भी कर दिया होगा तो इसमें नई और आश्चर्य वाली क्या बात है। चंद्रा ने भाजपा और आरएलपी के साथ उनका समर्थन करने वाले विधायकों का आभार जताया। चंद्रा ने कहा कि मैं इन चुनाव में जीतूं या ना नहीं, लेकिन राजस्थान के साथ मेरा एक रिश्ता बन गया है और राजस्थान से जुड़े जो भी काम होंगे, उन्हें करवाने का मैं पूरा प्रयास करूंगा।
देर से शुरू हुई मतगणना
हरियाणा मे मतगणना पर आपत्ति के चलते केंद्रीय चुनाव आयोग ने जिन राज्यों में राज्यसभा चुनाव थे वहां मतगणना को रोक दिया। जिसके चलते करीब दो घंटे देरी से मतगणना शुरू हुई। विधायक मतगणना का इंतजार करते नजर आए।