11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पंचायत-निकाय चुनाव: राजस्थान में 309 निकाय और 41 जिला प्रमुख की आरक्षण लॉटरी 13 अगस्त को, वार्डों पर सस्पेंस बरकरार

राजस्थान में 309 नगरीय निकायों और 41 जिला प्रमुखों के पदों की आरक्षण लॉटरी 13 अगस्त को होगी, जबकि वार्डों की लॉटरी की तारीख पर अभी सस्पेंस बरकरार है। बीकानेर, अलवर, जयपुर, उदयपुर और झुंझुनूं के कलक्टरों ने प्रशासनिक व्यस्तता के चलते वार्डों की लॉटरी 15 अगस्त के बाद कराने का आग्रह किया है।
2 min read
Google source verification
election

AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajasthan Panchayat Raj And Nikay Election: राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के प्रमुखों (महापौर, सभापति, अध्यक्ष) के पद की आरक्षण लॉटरी 13 अगस्त को निकाली जाएगी। स्वायत्त शासन विभाग ने इसकी सूचना राजनीतिक दलों को भेज दी है। जबकि वार्डों की आरक्षण लॉटरी को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। सरकार इसकी तारीख का अब तक फैसला नहीं कर पाई है। जिला कलक्टरों के सरकार को लिखे पत्रों के बाद वार्डों की आरक्षण लॉटरी कार्यक्रम में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, बीकानेर, अलवर, जयपुर, उदयपुर और झुंझुनूं के कलक्टरों ने सरकार को पत्र भेजकर इस सप्ताह प्रशासनिक अमले की व्यस्तता का हवाला दिया है। कलक्टरों ने तिरंगा रैली, स्वतंत्रता दिवस समारोह समेत अन्य सरकारी कार्यक्रमों के चलते 15 अगस्त के बाद वार्डों की आरक्षण लॉटरी कराने का समय मांगा है। इस स्थिति के चलते सरकार स्तर पर सोमवार को दिनभर मंथन चलता रहा।

चर्चा है कि इन कलक्टरों से भी बात की गई है। स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने भी हाईकोर्ट के आदेश को लेकर इस मामले में उच्च स्तर पर बात की। मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि निकाय चुनाव की पूरी राजनीतिक और प्रशासनिक टाइमलाइन आरक्षण लॉटरी से जुड़ी है। खासकर, उन वार्डों में जहां आरक्षण की स्थिति बदली है, वहां दावेदारों की पूरी रणनीति बदल सकती है। आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कई संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप मिलने की उम्मीद है। इससे राजनीतिक दलों में भी हलचल बढ़ गई है।

ऑफलाइन होगी लॉटरी

निकायों प्रमुख पदों की लॉटरी ऑफलाइन ही निकाली जाएगी। प्रक्रिया 13 अगस्त को सुबह 10.30 बजे स्वायत्त शासन विभाग के सभागार में शुरू होगी। कई राजनीतिक दलों ने ऑनलाइन लॉटरी निकालने की स्थिति में पारदर्शिता नहीं रहने की आशंका जताई थी। फलाइन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी रहेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सकेगी।

शाह का कार्यक्रम तो वजह नहीं?

इस बार बीकानेर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह होना है। वहीं 16 अगस्त को अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम प्रस्तावित है। चर्चा है कि संभवतया इसलिए भी वार्डों की लॉटरी की तारीख पर मंथन चलता रहा। हालांकि सरकार की ओर से वार्ड आरक्षण लॉटरी की नई तारीख को लेकर अभी कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।