
Rajasthan Board Exam: जयपुर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं शनिवार को सफलतापूर्वक समाप्त हो गईं। परीक्षा खत्म होते ही बोर्ड ने परिणाम प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच शुरू कर दी है। राज्यभर में बनाए गए केंद्रीयकृत मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षक कॉपियों की जांच कर रहे हैं, जिससे छात्रों को समय पर परिणाम उपलब्ध कराया जा सके।
इस वर्ष दसवीं (सेकेंडरी) परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। वहीं बारहवीं (सीनियर सेकेंडरी) में 9 लाख 10 हजार 9, प्रवेशिका में 7 हजार 817 और वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हुई थीं। शनिवार को संस्कृत विषय के द्वितीय पेपर के साथ दसवीं की परीक्षा का समापन हो गया।
बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा के साथ ही मूल्यांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विभिन्न जिलों में स्थापित केंद्रीकृत केंद्रों पर कॉपियों की जांच की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं ताकि मूल्यांकन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार इस बार तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे परिणाम जल्दी जारी किए जा सकें।
इधर बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं 11 मार्च तक जारी रहेंगी। विषयवार पेपर तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार बोर्ड परीक्षाएं मार्च के पहले पखवाड़े में ही पूरी हो जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को आगे की प्रवेश प्रक्रियाओं के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
बोर्ड की यह पहल छात्रों और अभिभावकों के लिए राहतभरी साबित हो सकती है, क्योंकि समय पर परिणाम जारी होने से आगे की शैक्षणिक योजनाएं सुगम बनेंगी।