जयपुर

Lottery: राजस्थान में 5500 प्लॉट्स के लिए आवेदन शुरू, 14 मई तक आवेदन और 19 मई को होगी ई-लॉटरी

Rajasthan industrial plots: RIICO की बड़ी स्कीम: कम कीमत में औद्योगिक भूखंड पाने का सुनहरा मौका। 14 मई तक आवेदन, 103 इंडस्ट्रियल एरिया में प्लॉट्स—निवेशकों के लिए बड़ा अवसर।

2 min read
May 02, 2026
Feature image

RIICO Scheme: जयपुर. राजस्थान में औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार देने के लिए रीको (RIICO) ने एक बड़ा मौका निवेशकों के सामने रखा है। प्रत्यक्ष आवंटन योजना (Direct Allotment Scheme) का 10वां चरण 1 मई 2026 से शुरू हो चुका है, जिसके तहत राज्यभर में 5500 से अधिक औद्योगिक और लॉजिस्टिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार प्रक्रिया को और सरल और पारदर्शी बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक निवेशक इसका लाभ उठा सकें।

1 मई से 14 मई 2026 तक आवेदन

इस योजना के तहत इच्छुक निवेशक 1 मई से 14 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ ईएमडी जमा करना अनिवार्य होगा। वहीं, भूखंडों के आवंटन के लिए 19 मई 2026 को ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी। जिन भूखंडों के लिए केवल एक आवेदन प्राप्त होगा, उन्हें सीधे आवंटित कर दिया जाएगा, जबकि एक से अधिक आवेदन होने पर लॉटरी के माध्यम से आवंटन होगा।

इस बार योजना में एक बड़ा बदलाव भी किया गया है। पहले निवेशकों के लिए आवेदन से 15 दिन पहले राज्य सरकार के साथ एमओयू करना जरूरी था, लेकिन अब इसे आसान करते हुए अंतिम तिथि तक एमओयू करने की छूट दी गई है। इस बदलाव से छोटे और मध्यम निवेशकों को खासा फायदा मिलने की उम्मीद है।

राज्य के 103 औद्योगिक क्षेत्रों में भूखंड उपलब्ध

योजना के तहत राज्य के 103 औद्योगिक क्षेत्रों में भूखंड उपलब्ध हैं। इनमें जयपुर, अलवर, कोटा, बीकानेर, अजमेर और भीलवाड़ा जैसे प्रमुख औद्योगिक जिले शामिल हैं। कम लागत में जमीन मिलने के कारण यह योजना नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों के लिए बेहद आकर्षक मानी जा रही है।

गौरतलब है कि इस योजना के पहले नौ चरणों में 1662 भूखंडों के लिए ऑफर लेटर जारी किए जा चुके हैं। इनका कुल क्षेत्रफल करीब 437 हेक्टेयर रहा है और इनकी अनुमानित कीमत 2500 करोड़ रुपये से अधिक है। इन परियोजनाओं के जरिए लगभग 18,000 करोड़ रुपये के निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना जताई जा रही है।

राज्य सरकार की ओर से ‘राइजिंग राजस्थान’ इनवेस्टमेंट विजन को आगे बढ़ाने के लिए यह योजना अहम कदम मानी जा रही है। ऐसे में अगर आप उद्योग लगाने की योजना बना रहे हैं, तो यह मौका बिल्कुल भी नहीं चूकना चाहिए।

Published on:
02 May 2026 03:05 pm