जयपुर

राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव से पहले ‘दल-बदल’, सांसद हनुमान बेनीवाल को झटका! RLP छोड़ कई नेता-कार्यकर्ता BJP में शामिल

RLP Leaders join BJP : राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव से ठीक पहले हनुमान बेनीवाल की RLP को बड़ा झटका। सुजानगढ़ के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल।
2 min read
Aug 09, 2026
rlp leaders join bjp sujangarh hanuman beniwal madan rathore jaipur
भाजपा ज्वाइन करवाते मदन राठौड़, सांसद हनुमान बेनीवाल (फ़ाइल तस्वीर)

राजस्थान में आगामी पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक और सांसद हनुमान बेनीवाल को एक बड़ा सियासी झटका लगा है। दरअसल, सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में RLP संगठन में बड़ी सेंधमारी करते हुए पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रभावशाली कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है।

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने सभी नवागंतुक नेताओं को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा परिवार की आधिकारिक सदस्यता ग्रहण करवाई।

सुजानगढ़ के इन प्रमुख रालोपा नेताओं ने छोड़ा बेनीवाल का साथ

सुजानगढ़ और बीदासर क्षेत्र में RLP को बड़ा राजनीतिक नुकसान पहुंचाते हुए पार्टी के कई जमीनी स्तर के पदाधिकारियों ने भाजपा की नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया है। भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख RLP नेताओं में शामिल हैं-

रामनिवास तेतरवाल: पूर्व देहात अध्यक्ष, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP)।

रतनलाल नायक: पूर्व मंडल अध्यक्ष, सुजानगढ़।

मनोहर नायक: मंडल महामंत्री, सुजानगढ़।

भवानी नायक: नायक समाज तहसील अध्यक्ष, बीदासर।

बनवारी नायक: तहसील सचिव, बीदासर।

इन सभी नेताओं ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, राष्ट्रसेवा के संकल्प और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भाजपा में निष्ठा व्यक्त की है।

चुनावी मुहाने पर सुजानगढ़ जैसे राजनीतिक रूप से अहम क्षेत्र में RLP पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफे देकर भाजपा में जाना हनुमान बेनीवाल के स्थानीय जनाधार के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

विकास की राजनीति से प्रभावित लोग आ रहे BJP में : मदन राठौड़

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने नवागंतुक नेताओं का स्वागत करते हुए RLP और विपक्ष पर निशाना साधा। मदन राठौड़ ने कहा, "सभी नवागंतुक साथियों का भाजपा परिवार में आत्मीय स्वागत है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रही है। सरकार की विकासपरक नीतियों के कारण ही विभिन्न दलों के कार्यकर्ता अपनी पार्टियां छोड़कर भाजपा के विजय अभियान से जुड़ रहे हैं।"

मौजूद रहे भाजपा के कई वरिष्ठ नेता

इस जॉइनिंग के दौरान प्रदेश भाजपा के कई बड़े चेहरे और मंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्य सरकार में मंत्री झाबर सिंह खर्रा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, मिथिलेश गौतम, भूपेंद्र सैनी और कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Updated on:
09 Aug 2026 09:31 am
Published on:
09 Aug 2026 09:31 am