जयपुर

RPSC: आयोग की भर्ती प्रक्रिया में तेजी, नई नियुक्तियां, संशोधन का अवसर और पदों में बढ़ोतरी

RPSC Updates News: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्तियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं जारी की हैं।
2 min read
• •
Updated: 21 May 2025, 10:37 AM IST
RPSC
RPSC (Image: Patrika)

RPSC Competitive Exams: जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्तियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं जारी की हैं। आयोग ने सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय में 35 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया है। साथ ही आगामी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन संशोधन की सुविधा 21 से 27 मई तक प्रदान की गई है, जिसमें अभ्यर्थी अपनी जानकारी को अपडेट कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, सहायक निदेशक (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग) भर्ती में पदों की संख्या 9 से बढ़ाकर 11 कर दी गई है। विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

35 अभ्यर्थी ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय की मुख्य सूची में सफल घोषित

आयोग द्वारा सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग ) प्रतियोगी परीक्षा-2023 अंतर्गत ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय के साक्षात्कार उपरांत सफल रहे अभ्यर्थियों की मुख्य सूची जारी कर दी गई है। आयोग सचिव ने बताया कि अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का आयोजन 5 से 19 मई तक किया गया था। साक्षात्कार के बाद संबंधित सेवा नियमानुसार 35 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया गया है।

3 परीक्षाओं में संशोधन का अवसर, 21 से 27 मई तक

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने आगामी 29 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित होने वाली 3 प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्म तिथि व जेंडर के अतिरिक्त अन्य संशोधन ऑनलाइन करने का अवसर दिया गया है। ऑनलाइन संशोधन 21 से 27 मई तक किए जा सकेंगे।आयोग सचिव ने बताया कि 29 जुलाई को सहायक मत्स्य विकास अधिकारी (मत्स्य विभाग) परीक्षा, 2024 तथा समूह अनुदेशक/सर्वेयर/सहायक शिक्षुता सलाहकार ग्रेड-द्वितीय (कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग) परीक्षा, 2024 एवं आगामी 30 जुलाई से 1 अगस्त तक उपाचार्य/अधीक्षक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग) परीक्षा, 2024 का आयोजन करवाया जाना प्रस्तावित है। इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों को दिया गया है।

सहायक निदेशक भर्ती में बढ़े दो पद

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक निदेशक (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग) भर्ती-2024 के अंतर्गत शुद्धि पत्र जारी किया है। इसमें पदों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले 9 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। अब कुल पदों की संख्या 11 हो गई है। अभ्यर्थी वर्गवार वर्गीकरण का वेबसाइट पर अवलोकन कर सकते हैं।

Updated on:
21 May 2025, 10:37 AM IST
Published on: