NHM Rajasthan: अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा शहर, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, सुमेरपुर के छह गांवों में बनेंगे आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, 8030 लाख की स्वीकृति।
Village Health care: जयपुर. राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब गांवों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि उनके घर के पास ही आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 8030 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की है, जिससे प्रदेशभर में 146 नए उप स्वास्थ्य केंद्र (Sub Health Centres) के भवन बनाए जाएंगे।
इस योजना के अंतर्गत पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के छह गांव—मादड़ी, एंदलावास, कानेलाव, खेतावास, वडेरवास और खरोकड़ा—में नए स्वास्थ्य उप केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र के लिए 55 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इन भवनों का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी, जिसे अब इस पहल के माध्यम से दूर किया जाएगा। नए उप स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव कक्ष, टीकाकरण सेवाएं, सामान्य ओपीडी और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इन केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक जांच और पहचान संभव हो सकेगी। यहां एएनएम और स्टाफ नर्स की मौजूदगी में लगभग 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार होगा।
ग्रामीणों के लिए यह निर्णय काफी राहत भरा साबित होगा, क्योंकि अब उन्हें छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए 20-30 किलोमीटर दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, साथ ही समय पर इलाज मिलने से स्वास्थ्य स्तर में भी सुधार आएगा।
इस पहल से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।