
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को जयपुर में कार्रवाई करते हुए सांगानेर सदर थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) महेश चन्द मीणा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार आरोपी एक प्रकरण में पिकअप वाहन को छोड़ने और सहपरिवादी को आरोपी नहीं बनाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। सत्यापन के बाद शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय को शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया कि परिवादी के मामा की ओर से सांगानेर सदर थाने में दर्ज करवाए गए एक प्रकरण में आरोपी महेश चन्द मीणा अनुसंधान अधिकारी था।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने परिवादी के मामा के नाम दर्ज पिकअप को छोड़ने और सहपरिवादी को प्रकरण में मुल्जिम नहीं बनाने की एवज में 20-20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी की ओर से प्रकरण में राजीनामा होने के दस्तावेज मांगने, पिकअप छोड़ने और प्रकरण का निस्तारण करने के बदले 10 हजार रुपए रिश्वत लेने पर सहमति जताने की बात सामने आई।
सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी उप महानिरीक्षक द्वितीय, जयपुर ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
एसीबी के अनुसार, गुरुवार को आरोपी महेश चन्द मीणा ने परिवादी और सहपरिवादी से प्रकरण में राजीनामे से संबंधित दस्तावेज लिए। इसके बाद सहपरिवादी से पूछताछ करने के बाद आरोपी ने परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त की और अपनी पहनी हुई जींस की जेब में रख ली। इसी दौरान एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में रिश्वत की रकम उसकी पहनी हुई पैंट की जेब से बरामद कर ली गई।
एसीबी के अनुसार, कार्रवाई के बाद मौके पर अग्रिम कार्रवाई जारी है। अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे बढ़ाई जाएगी।
एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर संपर्क करने की अपील की है।