
रिश्वत लेते ACB के ट्रैप में पकड़ा गया वनरक्षक भूपेश पाटीदार
बांसवाड़ा. वन पट्टे की फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगना वनरक्षक को भारी पड़ गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बांसवाड़ा टीम ने गुरुवार को वन नाका तलवाड़ा, वन रेंज गढ़ी में तैनात वनरक्षक भूपेश पाटीदार को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
ACB के अनुसार परिवादी वन विभाग के क्षेत्र से बाहर की वन भूमि पर काफी समय से कब्जे में रहकर कृषि कार्य कर रहा था। इस जमीन के संबंध में वन विभाग की ओर से पट्टे के लिए सत्यापन किया जा रहा था। इसके बाद संबंधित पत्रावली तैयार कर आगे भेजी जानी थी। आरोप है कि इसी पट्टा पत्रावली को आगे बढ़ाने और उसे उपलब्ध कराने के बदले वनरक्षक भूपेश पाटीदार परिवादी से रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद ACB की बांसवाड़ा इकाई ने रिश्वत मांगने की बात का सत्यापन कराया।
सत्यापन के दौरान वनरक्षक ने परिवादी से पट्टा फाइल देने के बदले 6 हजार रुपए मांगे। परिवादी के निवेदन करने पर दोनों के बीच बातचीत हुई और आरोपी 5 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद ACB टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।
इस पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, बांसवाड़ा इकाई के पुलिस उप अधीक्षक श्री रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में आज गुरुवार को कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी श्री भूपेश पाटीदार को परिवादी से 5,000 रुपये रिश्वत राशि अपने हाथों से ग्रहण करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके निवास की तलाशी भी जारी है। ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू करने की बात कही है।
ACB ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीधे ACB से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण दे सकता है। दोष सिद्ध होने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्पष्टीकरण की नियमानुसार जांच की जाती है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए ACB के 1064 टोल फ्री नंबर और 94135-02834 व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
Updated on:
01 Oct 2026 02:07 pm
Published on:
01 Oct 2026 01:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
