जयपुर

मामूली बात पर यूं भड़का SBI बैंक का गार्ड, पहले की पिता से मारपीट फिर की बेटी से अभद्रता

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
• •
Updated: 17 Jul 2018, 5:49 PM IST
Bank Security guard beaten account holder employee
Bank Security guard beaten account holder employee

जयपुर।

आमेर थाना क्षेत्र में एसबीआई बैंक शाखा परिसर में मंगलवार को सुबह लोगों को लाइन से भेजने की बात वहां तैनात गार्ड को इतनी बुरी लगी कि अपने साथी गार्ड के साथ उस व्यक्ति की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आई युवती के साथ भी अभद्रता की। बैंक परिसर में जब ये घटनाक्रम हो रहा था उस समय वहां मौजूद प्रबंधक ने भी सुरक्षाकर्मियों को नहीं रोका और बाद में पूरे मामले से अनभिज्ञता जाहिर करने लगे।

यूं हुआ पूरा मामला...

मंगलवार को आमेर की एसबीआई शाखा में खाताधारक गोपाल मीणा अपनी बेटी के साथ पैसे निकलने वाले आए थे। भीड़ ज्यादा होने के बावजूद गार्ड पुरुषों को ही काउंटर पर भेज रहा था जबकि लाइन में लगीं महिलाएं काफी देर से अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रही थीं। ऐसे में गोपाल मीणा ने सुरक्षा गार्ड को एक पुरुष के बाद एक महिला को भेजने के लिए कहा। इस पर बौखलाए गार्ड ने उन्हें अपशब्द कहे।


मामूली बात बदल गई हाथापाई में

मामूली कहासुनी हाथापाई में बदल गई और गार्ड ने एक अन्य गार्ड के साथ मिलकर बैंक मैनेजर के सामने ही गोपाल के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान बीच-बचाव के लिए आई गोपाल की बेटी के साथ भी अभद्रता की जिससे युवती सहम कर रोने लगी। सारा मामला बैंक प्रबंधक प्रभूलाल मीणा के कक्ष में ही हुआ लेकिन वो मामले से अनभिज्ञता जाहिर करते रहे। इस संबंध में प्रबंधक प्रभूलाल मीणा ने दोषी गार्ड के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की बात कही है। सुबह-सुबह हुए इस झगड़े से बैंक में आए अन्य ग्रामीणों का भी काम करीब एक घंटे तक अटका रहा।

Published on: