राजधानी के सोढाला थाना इलाके में एक युवक ने ससुराल में मंगलवार शाम देशी कट्टे से गोली मार कर आत्महत्या कर ली
जयपुर
राजधानी के सोढाला थाना इलाके में एक युवक ने ससुराल में मंगलवार शाम देशी कट्टे से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुन घर में मौजूद और आसपास के लोग जमा हो गए। घायल को एंबूलेंस के जरिए एसएमएस अस्पताल भी पहुंचाया, लेकिन घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मुर्दाघर में रखवाया है वहीं मामला दर्ज कर लिया गया है। आत्महत्या किए जाने के कारणों की पुलिस तलाश कर रही है।
एसआई कल्लू खान ने बताया कि आदर्शनगर की शिवशंकर कॉलोनी में रहने वाला मोहम्मद इकबाल (३२) का ससुराल मेहनत नगर हटवाड़ा में है। इकबाल रामनिवास बाग में जूस का ठेला लगाने का काम करता है। वह सुबह मेहनत नगर में ससुराल गया था। वहां पर दोपहर में एक कमरे को अंदर से बंद कर सो रहा था कि दोपहर ३.४५ बजे तेज धमाके की आवाज आई। ससुराल वालों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई हलचल नहीं होते देख आशंकाओं के चलते खिड़की से कूलर हटाया और फिर कमरे में घुसकर दरवाजा खोला।
लहूलुहान देख एंबूलेंस को बुलाया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इकबाल के सीने से खून बह रहा था। उसके नजदीक देशी कट्टा पड़ा था। लोगों ने एंबूलेंस को सूचना दी और पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। घायल को एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया। घायल को अस्पताल में इलाज शुरू ही किया था कि कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
सात दिन पहले ही हुआ पहला बच्चा
पुलिस ने बताया कि इकबाल के पहला बच्चा सात दिन पहले ही हुआ है। पहला बच्चा पीहर में होता है इसलिए उसकी पत्नी मेहनत नगर में थी। इकबाल मिलने के लिए आता था। मंगलवार को भी वह आया तो खाना खिलाने के बाद वह सोने के लिए कमरे में चला गया था।
पारिवारिक परेशानी या सूदखोरी
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या की वजह फिलहाल सामने नहीं आ रही है। पोस्टमार्टम बुधवार को होगा। इसके बाद पूछताछ शुरू की जाएगी। फौरी तौर पर दो बात निकल कर सामने आ रही है कि कहीं पारिवारिक कोई परेशानी तो नहीं या फिर कुछ कर्जा बताया जा रहा है जो सूद पर है। ये दोनों ही वजह सामने आ रही है।
देशी कट्टा कहां से आया
पुलिस के लिए सबसे बड़ी उलझन सामने आ रही है कि इकबाल के पास देशी कट्टा कहां से आया। उसने सीने पर खुद को गोली मार ली। क्या वह लेकर आया था या फिर देशी कट्टा पहले से ही घर में था। फिलहाल देशी कट्टा जब्त कर लिया गया है।