
जयपुर के सिरसी रोड स्थित मैसूर महल गार्डन में आज दोपहर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग की लपटें देखकर वहां काम करने वाले लोगों ने फायर ब्रिगेड व पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की एक दर्जन दमकलों और निजी टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस का मानना है कि आग सभवत शार्ट सर्किट से लगी है। आग से मैरिज गार्डन पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गया। जानकारी के मुताबिक सिरसी रोड पर बने मैसूर महल गार्डन में आज दोपहर डेढ़ बजे फाइबर से बने रिसेप्शन हॉल में अचानक आग लग गई। धुआं निकलता हुआ देखकर वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को बुला लिया। देखते ही देखते आग ने भयावह रुप ले लिया। फाइबर होने की वजह से आग की लपटें करीब तीस फुट ऊंची उठ रही थी। आलम यह था कि तीन चार किलोमीटर दूर से ही आग के धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। आग लगने से आस-पास के क्षेत्र में दहशत मच गई। आग की सूचना पर एसीपी वैशाली नगर रामअवतार सोनी, भांकरोटा थानाप्रभारी हेमेन्द्र शर्मा, करणी विहार थानाप्रभारी महावीर सिंह मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की एक दर्जन दमकल और निजी टैंकरों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग रुक रुक कर धधक रही थी, यह देख पुलिस ने दूर से यातायात को रोक कर डायवर्ट कर दिया। गार्डन में करीब पचास लोग हर समय मौजूद रहते है। जिस समय आग लगी वहां कर्मचारी काम कर रहे थे। आग से पूरा गार्डन जलकर खाक हो गया। आग से लगे नुकसान का अभी तक आंकलन नहीं हो पाया है।







