जयपुर. राजस्थान की सरकारी चिकित्सा व्यवस्था में इन दिनों एक विरोधाभासी तस्वीर सामने आ रही है। एक ओर सरकारी सेवा में नियुक्त करीब 700 डॉक्टरों के ड्यूटी से गैरहाजिर होने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर मेडिकल ऑफिसर बनने के लिए हजारों अभ्यर्थी कतार में हैं। राज्य सरकार की ओर से निकाली गई मेडिकल ऑफिसर भर्ती में 600 पदों के मुकाबले करीब 30 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस हिसाब से प्रत्येक पद के लिए औसतन 50 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा। खास बात यह है कि इस भर्ती में केवल एमबीबीएस डिग्रीधारी ही नहीं, बल्कि पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) और सुपरस्पेशलिटी की डिग्री हासिल कर चुके अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है।