जयपुर

Rajasthan New Rules: राजस्थान में गैस सिलेंडर से लेकर शराब तक, जानें क्या हुआ महंगा और क्या बदला

1 April New Rules Rajasthan: नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही राजस्थान में कई अहम बदलाव हो गए है, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और दिनचर्या पर पड़ेगा।

4 min read
Apr 01, 2026
Photo: AI generated

New Financial Year Changes Rajasthan: जयपुर। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही राजस्थान में कई अहम बदलाव हो गए है, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और दिनचर्या पर पड़ेगा। एक ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर, हाईवे पर सफर, बाघों का दीदार करना महंगा हो गया है। वहीं, शराब के शैकीन लोगों को भी बड़ा झटका लगा है। रेल यात्रियों के लिए भी नया नियम लागू हो गया है।

इसके अलावा नए सत्र की शुरुआत के साथ आज से स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समय भी बदल गया है। वहीं प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय भी बदल गया है। इन सभी बदलावों का प्रदेशवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्च पर सीधा असर देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें

Gas Cylinder Price Hike: कमर्शियल गैस सिलेंडर 195.50 रुपए महंगा, जयपुर में 2106 रुपए पहुंचे दाम, जानें आपके शहर में कितने में मिलेगा

कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा

राजस्थान में कमर्शियल गैस सिलेंडर आज से 195 रुपए तक महंगा हो गया है। जयपुर में अब 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 1911 रुपए की जगह 2106 रुपए में मिलेगा। बता दें कि एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच देर रात पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी गैस की कीमतों की समीक्षा की। इसके बाद कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की। कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में खाना-पीना महंगा हो सकता है। साथ ही शादियों की कैटरिंग भी महंगी हो सकती है। वहीं, जेट फ्यूल के दाम दोगुना होने से हवाई सफर महंगा हो सकता है।

नेशनल हाईवे पर सफर महंगा

राजस्थान में आज से नेशनल हाईवे पर सफर महंगा हो गया है। अब नेशलन हाईवे पर सफर करने वालों को अधिक टोल चुकाना होगा। प्रदेश के 170 से अधिक टोल प्लाजाओं पर दरों में बढ़ोतरी हुई है। अच्छी बात ये है कि कार चालकों को अधिक टोल नहीं देना होगा। ज्यादा बढ़ोतरी कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए की गई है, जो 5 से 30 रुपए तक है। रिंग रोड पर निजी और हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए दरें यथावत रखी है, जबकि भारी वाहनों के लिए 5 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है।

वार्षिक फास्टैग के लिए अब 3075 रुपए

कार के वार्षिक फास्टैग पास की कीमत में 75 रुपए की वृद्धि की गई है। अब यह पास 3000 रुपए के बजाय 3075 रुपए में बनेगा। इस पास के तहत एक वर्ष में 200 बार टोल पार करने की सुविधा मिलती है।

राजस्थान में शराब हुई महंगी

शराब के शैकीन लोगों को भी बड़ा झटका लगा है, क्योंकि प्रदेश में आज से शराब महंगी हो गई है। नई आबकारी नीति के तहत कीमतों में 5 से लेकर 20 प्रतिशत तक का शराब की सभी श्रेणियों में इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। वहीं, राजस्व बढ़ने से प्रदेश सरकार को बड़ा फायदा होगा।

बाघों का दीदार करना महंगा

सरिस्का टाइगर रिजर्व और रणथंभौर नेशनल पार्क में आज से बाघों का दीदार करना महंगा हो गया है। वन विभाग ने सभी नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में प्रवेश शुल्क, वाहन शुल्क और कैमरा फीस में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। यह संशोधित दरें अगले दो साल के लिए प्रभावी होंगी।

रेल यात्रियों के लिए भी नया नियम लागू

रेल यात्रियों के लिए भी नया नियम लागू हो गया है। अब ट्रेन टिकट कैंसिलेशन के नियम सख्त कर दिए गए हैं, जिसके तहत यात्रियों को ट्रेन छूटने से कम से कम 8 घंटे पहले टिकट रद्द करनी होगी, तभी रिफंड मिल सकेगा। पहले यह समय सीमा 4 घंटे थी। वहीं, यात्रियों को राहत देते हुए बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक दी गई है। नए नियमों का मकसद टिकटों की ब्लैकिंग रोकना और ज्यादा यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराना है। लेकिन, समय पर टिकट कैंसिल नहीं करने वाले यात्रियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सफारी का समय बदला

रणथंभौर और सरिस्का टाइगर रिजर्व में अब सफारी का समय बदल गया है। आज से मॉर्निंग शिफ्ट की सफारी सुबह 6 से 9.30 बजे और शाम की शिफ्ट की सफारी दोपहर 3 बजे से शाम 6.30 बजे तक चलेगी। यह समय 15 मई तक रहेगा। 16 मई से 30 जून तक शाम की पारी की सफारी दोपहर 3.30 से शाम 7 बजे तक होगी। सुबह की पारी का समय नहीं बदलेगा। इसके अलावा जयपुर के आमेर में हाथी सवारी के समय में बदलाव हो गया है। अब हाथी सवारी का समय सुबह 7 से 10.30 बजे तक रहेगा।

नए सत्र की शुरुआत के साथ स्कूलों का समय भी बदला

राजस्थान में पहली बार नया शिक्षण सत्र एक अप्रेल यानी आज से शुरू हो गया है। नए सत्र के पहले दिन से स्कूलों का समय ग्रीष्मकालीन लागू हो गया है। सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक पारी स्कूल का समय सुबह 7.30 बजे से 1 बजे तक रहेगा। दो पारी स्कूलों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक का समय रहेगा। प्रत्येक पारी साढ़े पांच घंटे की होगी। शिक्षण सत्र के पहले माह में शिविरा पंचांग के अनुसार कुल 23 कार्य दिवस होंगे। इस माह 4 रविवार के साथ 3 अप्रेल गुड फ्राई डे, 11 अप्रेल महात्मा ज्योति बा फुले जयंती, 14 अप्रेल आम्बेडकर जयंती तथा 19 अप्रेल रविवार को भगवान परशुराम जयंती का अवकाश रहेगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदला

प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों का समय भी बदल गया है। अब आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक खुले रहेंगे। ताकि छोटे बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।

सरकारी अस्पतालों का समय भी बदला

प्रदेश के सरकारी अस्पतालों का समय भी बदल गया है। सरकारी अस्पतालों में आज ने नई समय सारिणी लागू हो गई है। सरकारी अस्पतालों में गर्मियों में ओपीडी सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी। राजकीय अवकाश के दिन सुबह 9 से 11 बजे तक 2 घंटे ओपीडी रहेगी। इसके बाद अस्पताल की इमरजेंसी खुली रहेगी। जहां लोग अपना इलाज करवा सकेंगे। अभी ओपीडी का समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक का है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan IAS Transfer: राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 65 अफसरों के तबादले, इन जिलों के कलक्टर बदले; यहां देखें लिस्ट

Also Read
View All

अगली खबर