
गेटोलाव धाम से मुक्तेश्वर महादेव मंदिर तक निकली कावड़ यात्रा
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
दौसा. श्रावण मास के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा दौसा की ओर से गेटोलाव धाम से मुक्ति बाग स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। आईटी सेल प्रभारी गिर्राज गुप्ता पापड़दा ने बताया कि गेटोलाव धाम पर वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना एवं गंगाजल पूजन के बाद 101 पवित्र कावड़ों में जल लेकर कावड़िए रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
यात्रा के मुख्य ध्वज वाहक अरुणेश शर्मा एवं परिषद अध्यक्ष विष्णु देव खंडेलवाल रहे। धर्मध्वजा के साथ निकली यात्रा में कावड़िए भगवान शिव के भजनों पर झूमते-नाचते हुए चल रहे थे। मार्ग में शहरवासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ‘हर-हर महादेव’, ‘जय मुक्तेश्वर धाम’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।
सचिव राम धोंकरिया ने बताया कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर कावड़ यात्रा का समापन हुआ। यहां कावड़ के पवित्र जल से भगवान मुक्तेश्वर महादेव का सामूहिक जलाभिषेक किया गया। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सहायक मीडिया प्रभारी प्रवीण खूंटेटा ने कहा कि सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण रखने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। कावड़ियों का अनुशासन और उत्साह समाज में सकारात्मक ऊर्जा व भाईचारे का संदेश देता है।