जयपुर

SI Paper Leak Case: एसआई भर्ती को रद्द करने की फिर से उठी मांग, किरोड़ी लाल मीणा की क्यों बढ़ी मुश्किलें?

SI Paper Leak Case: राजस्थान में गहलोत सरकार के समय हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 12 Oct 2024, 2:51 PM IST
Feature image

SI Paper Leak Case: राजस्थान में गहलोत सरकार के समय हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक का मामला पिछले कई दिनों से सुर्खियों में हैं। इस भर्ती परीक्षा को लेकर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। SOG पिछले दिनों में 10 से ज्यादा ट्रेनी SI को पकड़ चुकी है। इस मामले में अब तक 50 ट्रेनी एसआई गिरफ्तार हो चुके हैं और एसओजी पेपर लीक गैंग से जुड़े 30 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

किरोड़ी लाल की बढ़ी मुश्किलें

उधर, इस्तीफा दे चुके मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से चयनित अभ्यर्थियों ने मुलाकात की है। अब किरोड़ी लाल मीणा के सामने मुश्किल खड़ी हो गई कि किसकी सुनी जाए और किसकी ना सुनी जाए। क्योंकि चयनित अभ्यर्थियों ने मुलाकात कर इस भर्ती परीक्षा को रद्द नहीं करने की मांग की है। वहीं, इससे पहले किरोड़ी लाल मीणा खुद कैबिनेट बैठक में इस परीक्षा को रद्द करने का मामला उठा चुके हैं।

इधर, आज फिर से जयपुर में एसआई भर्ती को रद्द करने की मांग उठी है। बेरोजगार अभ्यर्थियों का कहना है कि जब SOG 50 से ज्यादा ट्रेनी SI पकड़ चुकी है और 300 से ज्यादा रडार पर हैं तो कैसे हम मान लें कि पूरी भर्ती में गड़बड़ी नहीं हुई है। एक अभ्यर्थी का कहना है कि इस परीक्षा में कुछ लोग तो केवल पोइंट से रह जाते हैं, तो उनको न्याय कैसे मिलेगा?

दरअसल, इससे पहले डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भी इस भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में उठाया था। इससे पहले किरोड़ी लाल मीणा SOG के वीके सिंह से भी मुलाकात करके परीक्षा को रद्द करने की मांग कर चुके हैं। वहीं पुलिस विभाग भी इस भर्ती परीक्षा को रद्द करने का प्रस्ताव राजस्थान सरकार को भेज चुका है।

जोगाराम पटेल ने ये कहा था

इससे पहले बीते गुरूवार को मंत्रियों की कमेटी की बैठक के बाद संयोजक जोगाराम पटेल ने कहा था कि सबने अपनी-अपनी राय दी है। अब हम सब जल्दी ही अपनी एकमुश्त राय सरकार को भेज देंगे, आगे का फैसला सरकार लेगी। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि इस भर्ती परीक्षा में कितने फीसदी गड़बड़ी हुई है तो उन्होंने जवाब दिया कि ये निर्णय हमारे लिए संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने बताया कि बहुत गड़बडियां हुई हैं, हमने मीटिंग में सभी बातों का संकलन किया है।

Updated on:
12 Oct 2024, 2:51 PM IST
Published on: