जयपुर

Rajasthan Weather: ठिठुरन की शुरुआत, सीकर में कंपकंपी! राजस्थान के इन 13 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे

राजस्थान में उत्तरी सर्द हवा के असर से सर्दी की रंगत बढ़ने लगी है। बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई शहरों में अगले वीकेंड तक कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने का पूर्वानुमान जताया है।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2025, 12:12 PM IST
शेखावाटी में छूटी धूजणी, पत्रिका फाइल फोटो

Cold Weather in East Rajasthan: राजस्थान में उत्तरी सर्द हवा के असर से सर्दी की रंगत बढ़ने लगी है। बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई शहरों में अगले वीकेंड तक कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में अब भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज होने से मौसम शुष्क बना हुआ है। जबकि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश शहरों में अब दिन और रात का तापमान सामान्य या उससे कम रहने पर सर्दी का जोर बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञानियों ने आगामी 13 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

सीकर रहा सबसे सर्द

बीती रात सर्द हवा के चलते शेखावाटी अंचल में कड़ाके की सर्दी का जोर रहा। सीकर जिले में आज न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा है। दौसा 7.7, सीकर में फतेहपुर 7.4 और लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज तापमापी पर 5.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है।

13 शहरों में रात में पारा 10 डिग्री से कम

राजस्थान के 13 शहरों में बीती रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर सर्दी के तेवर तीखे रहे। तेज गति से उत्तरी सर्द हवाएं चलने के कारण रात में मौसम अब सर्द होने लगा है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में दिन के मौसम में गर्माहट महसूस हो रही है। बीती रात अजमेर 8.1, अलवर 8.5, पिलानी 9.5, डबोक 9.5, अंता बारां 9.7, सिरोही 8.1, करौली 9.0 ,झुंझुनूं 9.6, चूरू 9.3 और लूणकरणसर में 8.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

जयपुर में पारा स्थिर, मौसम सर्द

राजधानी जयपुर में बीते 24 घंटे में दिन और रात का तापमान स्थिर रहा, लेकिन सुबह शाम में सर्द हवाएं चलने पर मौसम में ठंडक महसूस हुई। जयपुर में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज ​हुआ है जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

अगले सप्ताह के अंत तक सर्दी की रंगत बढ़ने के संकेत

मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान के अधिकांश इलाकों में आगामी 13 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हिमालय तराई क्षेत्र और आस- पास के इलाकों में अगले सप्ताह से भारी बर्फबारी शुरू होने की आशंका है। जिसके असर से प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले सप्ताह के अंत तक उत्तरी हवाएं चलने पर शीतलहर और कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है।

Updated on:
8 Nov 2025, 12:12 PM IST
Published on: