जयपुर

Gold-Silver Price: चांदी 25 हजार फिर टूटी, सोना भी भरभराकर गिरा: जानें जयपुर सर्राफा बाजार की हालत

Gold-Silver Price: सोना-चांदी के भाव लगातार नीचे आ रहे हैं। MCX पर वायदा चांदी के भाव आज फिर 25 हजार रुपए गिर गए। वहीं सोने के भाव भी 7412 रुपए गिरे हैं, जिसका सीधा असर सर्राफा बाजार पर पड़ रहा है।
2 min read
Feb 01, 2026
gold-silver price update
Photo: AI

जयपुर। MCX पर 5 मार्च 2026 के वायदा बाजार में चांदी-सोना के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 5 मार्च के सिल्वर के FUTCOM कॉन्ट्रैक्ट का अंतिम व्यापार मूल्य (LTP) 2,66,663 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जो पिछले बंद मूल्य 2,91,925 रुपये से 25,262 रुपये यानी 8.65% की गिरावट दर्शाता है। यह सिल्वर की कीमतों में पिछले कुछ समय की सबसे बड़ी गिरावट में से एक है। यानी की पिछले तीन दिनों में चांदी के भाव करीब 1.50 लाख गिरे हैं।

गोल्ड के 5 मार्च 2026 के FUTCOM कॉन्ट्रैक्ट में भी 4.84% की गिरावट देखी गई। इसका नवीनतम मूल्य 1,45,701 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि इससे पहले इसका बंद मूल्य 1,53,113 रुपये था। इस तरह से वायदा बाजार में सोने का भाव भी 7412 रुपये गिरा है। इस गिरावट के पीछे वैश्विक बाजारों में अस्थिरता, डॉलर की मजबूती, और आर्थिक संकेतों में संशय को मुख्य कारण माना जा रहा है।

जयपुर समेत पूरे देश के सर्राफा बाजार पर असर

एमसीएक्स पर लगातार मंदी का सीधा असर राजधानी जयपुर समेत पूरे देश के सर्राफा बाजार पर पड़ रहा है। सर्राफा बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतें लगातार गिर रही हैं। इस दौरान सर्राफा व्यापारी आम लोगों से महंगे दाम पर सोना-चांदी खरीदने से बच रहे हैं। क्योंकि, बाजार में लगातार अस्थिरता बनी हुई है। जयपुर के एक सर्राफा व्यापारी ने बताया कि शनिवार को सर्राफा बाजार में चांदी 2 लाख 92 हजार रुपए में बंद हुई, वहीं सोने के भाव 1 लाख 58 हजार में बंद हुए।

सोमवार को और सस्ता हो सकता है सोना-चांदी

सर्राफा व्यापारी ने बताया के सोने-चांदी का भाव सर्राफा बाजार में अब सोमवार को फिर से खुलेगा। व्यापारी ने कहा कि जिस तरह से एमसीएक्स पर सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में अनुमान है कि सोमवार को सर्राफा बाजार में भी सोना-चांदी का भाव और नीचे आ सकता है।

कॉपर भी हुआ सस्ता

एमसीएक्स पर अन्य धातुओं में भी दबाव दिखा। कॉपर के 27 फरवरी 2026 के वायदा कॉन्ट्रैक्ट का LTP 1,237 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जो पिछले बंद मूल्य 1,293 रुपये से 4.31% नीचे है। यह संकेत देता है कि वैश्विक उद्योगों में धातुओं की मांग में कमी आ सकती है।

वायदा बाजार में जमकर हो रहा कारोबार

MCX के आंकड़ों के अनुसार, सिल्वर के 5 मार्च के वायदा कॉन्ट्रैक्ट में लगभग 4,855 लॉट्स का कारोबार हुआ और ओपन इंटरेस्ट 7,581 लॉट्स रहा। गोल्ड के 5 मार्च कॉन्ट्रैक्ट में वॉल्यूम 64,334 लॉट्स तक पहुंचा, जो दर्शाता है कि निवेशकों की दिलचस्पी अभी भी इन धातुओं में बनी हुई है, हालांकि कीमतों में गिरावट के कारण बेचने का दबाव है।

निवेशकों के लिए सतर्क रहने का समय

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक मंदी, ब्याज दरों में बदलाव और मुद्रास्फीति जैसे कारक इन धातुओं के दामों को प्रभावित कर रहे हैं। आने वाले हफ्तों में यदि आर्थिक स्थिति स्थिर होती है तो इन धातुओं के दामों में सुधार की उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल, MCX पर फ्यूचर्स मार्केट में यह बदलाव निवेशकों के लिए सतर्क रहने का संकेत है।

वायदा बाजार पर एसटीटी बढ़ा

दूसरी तरफ आज जारी हुए यूनियन बजट में सरकार ने वायदा सौदों पर एसटीटी को मौजूदा 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है। इसका सीधा असर शेयर बाजार के निवेशकों पर पड़ेगा। यानी अब अपना शेयर बेचने पर टैक्स अधिक देने होंगे।

Updated on:
13 Feb 2026 04:04 pm
Published on:
01 Feb 2026 04:31 pm