जयपुर

जयपुर में अंगुली की चोट दिखाने गया दिनेश, SMS ट्रॉमा सेंटर ने थमाया ‘डेथ सर्टिफिकेट’, खुद को जिंदा साबित करने के लिए 24 दिन से भटक रहा

राजधानी जयपुर के एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में अंगुली की चोट दिखाने गए दिनेश सैनी का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी हो गया। जन-आधार से भी उनका नाम हट गया। अब वे खुद को जिंदा साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 10:27 AM IST
Jaipur SMS Hospital Trauma Centre
दिनेश सैनी, पीड़ित (पत्रिका फोटो)

Jaipur SMS Hospital Trauma Centre: जयपुर: एसएमएस अस्पताल में मौत किसी की हुई और मृत्यु प्रमाण-पत्र दूसरे युवक का जारी हो गया। अस्पताल की एक भूल से जिंदा युवक सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज हो गया। अब आमेर निवासी दिनेश सैनी खुद को जिंदा साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं। वे ट्रॉमा सेंटर में महज अंगुली की मामूली चोट का इलाज कराने पहुंचे थे। अब अस्पताल गलती सुधारने के बजाय उनसे मृतक के परिजनों का शपथ-पत्र और एसडीएम के हस्ताक्षर मांग रहा है। दिनेश का आरोप है कि अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर उनकी हॉस्पिटल आईडी (एचआईडी) दूसरे मरीज दिनेश मीणा के रिकॉर्ड से जोड़ दी गई। मीणा की मौत के बाद सैनी सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज हो गए।

पीली की तलाई की निमदला की ढाणी निवासी दिनेश सैनी (पुत्र ताराचंद सैनी) का 3 नवंबर को जन्मदिन था। इसी दिन गलता गेट थाने के पास हुए झगड़े में उनके बाएं हाथ की अंगुली में चोट लग गई। एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में एक्स-रे में चोट मामूली पाए जाने पर डॉक्टर ने पट्टी बांधी और दवाइयां लिखकर उन्हें घर भेज दिया।

दिनेश के मुताबिक, उनके जाने के एक-दो घंटे बाद दिनेश मीणा नाम का दूसरा मरीज अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि रजिस्ट्रेशन कर्मियों ने पहचान-पत्र की जांच किए बिना सैनी की एचआईडी और रजिस्ट्रेशन नंबर दूसरे मरीज की फाइल में दर्ज कर दिए। 4 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे मीणा की मौत हो गई, लेकिन मृत्यु का रिकॉर्ड दिनेश सैनी के नाम दर्ज हो गया। शव सुपुर्दगी के सिलसिले में ट्रॉमा सेंटर से दिनेश के पास 12-13 फोन आए। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को बताया कि वे जिंदा हैं। अगले दिन जब वे अस्पताल पहुंचे, तो स्टाफ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि कोई परेशानी नहीं होगी और घर भेज दिया।

Death Certificate


तीन घंटे में जन-आधार से भी नाम हटा


25 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे पहचान पोर्टल से मृत्यु पंजीकरण का संदेश आया। करीब तीन घंटे बाद, शाम 6:12 बजे उनकी मां रेखा देवी को जन-आधार से दिनेश का नाम हटाए जाने का संदेश मिला।


कागजों में ऐसे ‘मरा’ दिनेश

3 नवंबर 2026 - अंगुली पर पट्टी बंधवाकर दिनेश घर लौटे। आरोप है कि इसी दिन उनकी एचआईडी दूसरे मरीज के रिकॉर्ड में दर्ज कर दी गई।

4 नवंबर 2026 - दूसरे मरीज की मौत हुई। रिकॉर्ड में दिनेश सैनी की मृत्यु तिथि दर्ज हुई। शव लेने के लिए उनके पास 12-13 फोन आए।

5 नवंबर 2026 - दिनेश ने खुद ट्रॉमा सेंटर जाकर अपने जीवित होने की सूचना दी। स्टाफ ने उन्हें निश्चिंत रहने का भरोसा दिया।

21 नवंबर 2026 - संशोधन पत्र को दरकिनार कर एमआरडी ने दिनेश के नाम मृत्यु पंजीकरण किया।

25 नवंबर 2026 - पहचान पोर्टल से मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी हुआ। उसी शाम उनकी मां के जन-आधार से दिनेश का नाम स्वतः हट गया।

सिस्टम की चार बड़ी चूकें

बिना सत्यापन एंट्री - दिनेश का आधार या जन-आधार लिए बिना उनकी आईडी दूसरे मरीज को आवंटित कर दी गई।

संशोधन पत्र की अनदेखी - पोस्टमॉर्टम के वक्त संशोधन पत्र लगाए जाने के बावजूद बिना जांच मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया।

अधूरा रिकॉर्ड - जिस मृतक का पोस्टमॉर्टम हुआ, अस्पताल के रजिस्टर में उसके परिजनों का मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं था।

पीड़ित से दस्तावेज मांगे - अस्पताल ने दिनेश से ही मृतक के परिजनों को लाने और एसडीएम के हस्ताक्षर करवाने को कहा।

मजाक बन गया…

“मेरे पास अब जिंदा साबित करने का कोई कागज नहीं बचा। सरकारी सिस्टम में मैं मर चुका हूं। यार-दोस्त मजाक उड़ा रहे हैं कि तू तो मर गया। इससे भयंकर मानसिक प्रताड़ना झेल रहा हूं।”
-दिनेश सैनी, पीड़ित

कार्रवाई होगी


“ऐसा मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। रिकॉर्ड में पता करवा रहा हूं। यदि ऐसा हुआ है, तो यह गलत है। कार्रवाई की जाएगी।”
-डॉ. दीपक माहेश्वरी, प्राचार्य, एसएमएस मेडिकल कॉलेज

Updated on:
29 Nov 2026, 10:27 AM IST
Published on: