High Speeding Car Hit Bike: जयपुर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चूरू के मुकेश सोनी (39) और झुंझुनूं के निखिल जांगिड़ (19) की मौत हो गई। एक हादसा झोटवाड़ा में लोडिंग वाहन की टक्कर से हुआ, जबकि दूसरा नारायण विहार क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से।
2 Youth Died In Jaipur Road Accident: जयपुर शहर में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो शेखावाटी निवासी युवकों की मौत हो गई। एक हादसा झोटवाड़ा थाना इलाके में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन की टक्कर से हुआ, जबकि दूसरा नारायण विहार थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से हुआ। दोनों मामलों में पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सुपुर्द कर दिए हैं।
पहला हादसा झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में तेजाजी मंदिर के पास हुआ। पुलिस के अनुसार मुकेश सोनी (39) मूलतः चूरू जिले का रहने वाला था और वर्तमान में झोटवाड़ा में रहकर सुनार का काम करता था। गुरुवार दोपहर वह खातीपुरा से झोटवाड़ा की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सवाई मानसिंह अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दूसरा हादसा नारायण विहार थाना इलाके में सदगुरु तेलूराम गोशाला के पास हुआ। यहां कार की टक्कर से बाइक सवार युवक निखिल जांगिड़ (19) की मौत हो गई। निखिल मूलतः झुंझुनूं का रहने वाला था और मानसरोवर में रहकर फोटो एडिटिंग का काम सीख रहा था।
पुलिस के अनुसार निखिल अपने दोस्त जितेंद्र के साथ बाइक से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में निखिल की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हुआ।