Rajasthan Assembly: जोगाराम पटेल ने कहा कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एक वर्ष में हुए अनेक ऐतिहासिक कामों को पचा नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं की भूमिका हमेशा से नकारात्मक रही है।
राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सुर्खियों में रहने के लिए नकारात्मक बातें करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह विधानसभा आए पर सदन में नहीं आए, बस मीडिया के सामने ही रहे। पटेल ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि गहलोत मीडिया में सुर्खियों में रहने के लिए नकारात्मक एवं अनावश्यक बात करते हैं और मुद्दों पर बात नहीं करते।
उन्होंने कहा कि वह विधानसभा आए पर सदन में नहीं आए, बस मीडिया के सामने ही उपस्थित रहे। उन्हें विधानसभा में आकर मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उनको सरदारपुरा की जनता ने मौका दिया पर वह सदन के अंदर तक नहीं आए। वह सिर्फ कांग्रेस की गुटबाजी को हवा देने का काम करते हैं।
पटेल ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री और सरकार, कांग्रेस के रहमो-करम पर नहीं बनी है कि गहलोत उसे मौका देंगे। सचिन पायलट को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनने दिया, उनको मौका क्यों नहीं दिया। पायलट को मौका देने की बजाय रगड़ाई की बात क्यों की गई। मौका देने की बजाय होटलों में कैंपिंग क्यों की। परसराम मदेरणा और सीपी जोशी को मौका क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि गहलोत नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को मौका क्यों नहीं दे रहे बोलने का। गहलोत जब विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे थे, सचिन पायलट भी साथ थे, तब उन्होंने पायलट से हाथ मिलाकर उन्हें गले मिलने का मौका क्यों नहीं दिया।
यह वीडियो भी देखें
पटेल ने कहा कि गहलोत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एक वर्ष में हुए अनेक ऐतिहासिक कामों को पचा नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं की भूमिका हमेशा से नकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बार टीकाराम जूली को नेता प्रतिपक्ष बनाया पर अशोक गहलोत उन्हें सदन में बोलने तक का मौका नहीं देते। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान जूली का नंबर आया तो उन्हें बोलने नहीं दिया गया, लेकिन हमने उन्हें विभिन्न विषयों पर सदन में बोलने का मौका दिया, इसका काउंटर करने आज अशोक गहलोत विधानसभा आए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा में विघ्न डालने का काम कर रही है। जनता के समय का बायकाट कर रही है। यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार शानदार काम कर रही है। राजस्थान के बजट की क्रियान्विति, युवाओं को रोजगार देने जैसे काम मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में हो रहा है। विधानसभा सही चले, जनता के मुद्दों की चर्चा हो, सरकार यही चाहती है। पटेल ने आग्रह किया कि गहलोत को सदन में आना चाहिए और सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेना चाहिए, राजस्थान की आठ करोड़ जनता से जुड़े विषयों पर चर्चा करनी चाहिए।
गौरतलब है कि राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज गुरुवार को विधानसभा का दौरा किया और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि नई सरकार बनने के बाद गवर्नेंस कमजोर हुआ है और कई महत्वपूर्ण काम रुके हुए हैं। गहलोत ने कहा कि डोटासरा को टारगेट बनाकर बहस करवाई गई, जिससे साफ होता है कि सरकार में अनुभव और मार्गदर्शन की कमी है। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।