
धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर गुजरात के सूरत से एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के रहने वाले और वर्तमान में सूरत के कपड़ा व्यवसायी रामस्वरूप मुंड ने अपने कर्मचारियों को अनोखे अंदाज में दिवाली बोनस बांटकर एक नई मिसाल पेश की है। रामस्वरूप मुंड ने अपने सभी कर्मचारियों को 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के नोटों की नकद गड्डियां बांटीं, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।
जब कर्मचारियों को बोनस के तौर पर लाखों रुपये की नकद गड्डियां सौंपी गईं, तो फैक्ट्री और ऑफिस स्टाफ के चेहरों पर जहां एक ओर भारी खुशी देखी गई, वहीं दूसरी ओर मालिक की इस दरियादिली को देखकर कई वफादार कर्मचारियों की आंखें छलक पड़ीं और वे भावुक होकर रो पड़े। रामस्वरूप मुंड ने पिछले साल भी इसी तरह अपने कर्मचारियों को नकद बोनस दिया था, और इस बार उन्होंने बोनस का दायरा और बढ़ा दिया।
रामस्वरूप मुंड का मूल निवास राजस्थान का बीकानेर जिला है। हालांकि, वे पिछले कई वर्षों से गुजरात के सूरत शहर को अपनी कर्मभूमि बनाकर वहां टेक्सटाइल मार्केट में कपड़े का बड़ा कारोबार (मैन्युफैक्चरिंग व होलसेल फर्म) संभाल रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें 'सूरत में मरुधरा का नाम रोशन करने वाला भामाशाह' बता रहे हैं।
इंटरनेट पर वायरल हुए एक अन्य वीडियो में रामस्वरूप मुंड खुद कैमरे के सामने आकर यह बताते दिख रहे हैं कि आखिर वे इस तरह नकद पैसे क्यों बांटते हैं। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा, "पिछली बार धनतेरस के टाइम जब मैंने अपने कर्मचारियों को बोनस देते समय वीडियो बनाया था, तो सभी लोगों ने मुझे इतनी दुआएं दी थीं कि आप पूछिए मत! उस समय उन कमेंट्स को पढ़कर मेरी आँखों में आँसू आ गए थे। पिछली बार मैंने सिर्फ 200 रुपये का एक-एक बंडल सभी कर्मचारियों को दिया था, उस पर ही सब लोगों की इतनी दुआएं मुझे मिलीं कि जिसकी कोई सीमा नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "इस बार मैं अपने सभी कर्मचारियों को 200, 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोटों के बंडल देने जा रहा हूँ। दोस्तों, मैं यह सब किसी दिखावे के लिए नहीं कर रहा हूँ। मुझे पता है कि नौकरी करना क्या होता है। यहाँ जो पैसे का भंडार रखा है, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि मेरे घर में पैसों के पोटले भरे हुए हैं और मैं उन्हें निकाल-निकाल कर दे रहा हूँ। मेरा मानवता और इंसानियत में यह भरोसा है कि सिर्फ मेरे अकेले के लिए धन की बरसात न हो, सिर्फ मेरे अकेले के घर में खुशी न आए। मेरे जितने भी कर्मचारी हैं, उन सब के घरों में भी धन की बरसात हो और खुशियां आएं। खुद के लिए तो हर कोई कर लेता है, लेकिन सबके लिए करना ही इंसानियत और मानवता की असली पहचान होती है। मैं अपनी इस मजबूत टीम के लिए हमेशा ऐसा करता रहूँगा।"
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और हर कोई यही कह रहा है कि काश हर कंपनी का मालिक रामस्वरूप मुंड जैसा दिलदार हो।