जयपुर

Jaipur: बाजार-सड़क पर कचरा डिपो, विशेष अभियान ‘फेल’, स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी ‘अधूरी’

Nagar Nigam Jaipur: स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 की तैयारी के बीच विशेष सफाई अभियान के तहत शहरी सरकार तीसरे दिन भी शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में जुटी रही। हालांकि बाजार और सड़कों पर जगह—जगह बने कचरा डिपो को अभियान की सच्चाई बयां करते नजर आ रहे है।
2 min read
• •
Dec 14, 2023
Jaipur: बाजार-सड़क पर कचरा डिपो, विशेष अभियान 'फेल', स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी 'अधूरी'
Jaipur: बाजार-सड़क पर कचरा डिपो, विशेष अभियान 'फेल', स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी 'अधूरी'

जयपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 की तैयारी के बीच विशेष सफाई अभियान के तहत शहरी सरकार तीसरे दिन भी शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में जुटी रही। हालांकि बाजार और सड़कों पर जगह—जगह बने कचरा डिपो को अभियान की सच्चाई बयां करते नजर आ रहे है। दोनों नगर निगम प्रशासन के लिए ये कचरा डिपो परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। शहर में ऐसे 5 हजार से अधिक कचरा डिपो है, इनमें कई जगह से नियमित कचना नहीं उठ पा रहा है।

जानकारों की मानें तो जयपुर ग्रेटर नगर निगम क्षेत्र में करीब 3 हजार से अधिक कचरा डिपो बने हुए है। हालांकि निगम प्रशासन ने इन डिपो से कचरा उठाने के लिए 33 यूनिट लगा रखी है, जिसमें डम्पर और ट्रेक्टर—ट्रॉली शामिल है। निगम दो पारियों में कचरा उठा रहा है, इसमें प्रथम पारी में सुबह 22 यूनिट लगा रखी है, जबकि दूसरी पारी दोपहर बाद 11 यूनिट से कचरा उठाया जा रहा है। फिर भी शहर की सड़कों से पूरा कचरा नहीं उठ पा रहा है। ग्रेटर निगम क्षेत्र से इस समय रोजाना 1100 मैट्रिेक टन से अधिक कचरा उठ रहा है।

2 हजार से अधिक कचरा डिपो
हैरिटेज नगर निगम क्षेत्र में भी करीब 2 हजार से अधिक कचरा डिपो बने हुए है। निगम अफसरों की मानें तो हैरिटेज के हवामहल—आमेर जोन, किशनपोल जोन, आदर्श नगर जोन, सिविल लाइंस जोन क्षेत्र में कचरा उठाने के लिए हर जोन में 2—2 यूनिट लगा रखी है। हैरिटेज निगम क्षेत्र में रोजाना करीब 900 मैट्रिक टन कचरा उठ रहा है।

फिर कहां से आ रहा कचरा
निगम अफसरों का दावा है कि शहर में घर—घर कचरा संग्रहण हो रहा है, हर वार्ड में हूपर लगे हुए है, फिर भी शहर की सड़कों पर कचरा डिपो बनते जा रहे है। ऐसे में घर—घर कचरा संग्रहण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे है।

Published on:
14 Dec 2023 11:04 am