Swachhata Ka Sanskar: जयपुर नगर निगम सफाई पर सख्त नजर आ रहा है। गंदगी फैलाने वालों पर कैरिंग चार्ज वसूली और चालान किए जा रहे हैं। अब शहरवासियों को मोबाइल मैसेज से जागरूक किया जाएगा। दुकानदारों को डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा।
Swachhata Ka Sanskar: जयपुर: ग्रेटर निगम अब शहरवासियों को मैसेज भेजकर सफाई व्यवस्था में सहयोग मांगेगा। इसके अलावा शहर को गंदा करने वालों पर सख्ती से पेश आएगा। इसके लिए आयुक्त ने स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोषी व्यक्तियों पर सख्ती की जाए और कैरिंग चार्ज वसूला जाए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की बीट तय की जाए और उसी अनुसार उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित हो। काम नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 को लेकर हैरिटेज निगम की टीम सफाई के प्रति गंभीरता से काम कर रही है। शुक्रवार सुबह वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था देखी और शाम को बाजारों का निरीक्षण किया। व्यापारियों को समझाया। अधिकारियों ने कहा कि दुकानों के बाहर डस्टबिन रखें, नहीं तो कार्रवाई होगी।
-किशनपोल जोन उपायुक्त दिलीप भंभानी ने कार्रवाई करते हुए 27 हजार का कैरिंग चार्ज वसूला।
-सिविल लाइंस जोन उपायुक्त सुनील कुमार बैरवा ने एमआई रोड, स्टेच्यू सर्कल और सरोजनी मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया, आठ हजार रुपए कैरिंग चार्ज के वसूले।
-उपायुक्त स्वास्थ्य युगांतर शर्मा ने चौड़ा रास्ता और त्रिपोलिया बाजार में निरीक्षण किया।
-सभी जोन उपायुक्त प्रतिदिन फील्ड में जाएंगे और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे।
-मुख्य मार्गों पर अभियान चलाकर सफाई की जाए और रोड साइड कचरा पात्र भी लगवाए जाएं।
-अस्थायी कचरा डिपो को शीघ्र हटाया जाए और उनका सौंदर्यीकरण किया जाए।
खुले में कचरा फेंकने वालों के सीसीटीवी कैमरे में देखकर चालान किए जा रहे हैं। अब मैसेज भी भेजे जाएंगे। साथ ही लोगों के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें वे फोटो भेज सकेंगे और फीडबैक भी दे सकेंगे।
-गौरव सैनी, आयुक्त, ग्रेटर निगम
हमने टॉप-20 में जगह बनाई है। आने वाले दिनों में सफाई व्यवस्था और बेहतर नजर आएगी। व्यापारियों के बाद अब सफाई अभियान में मोहल्ला विकास समितियों को जोड़ा जाएगा।
-कुसुम यादव, महापौर, हैरिटेज निगम