जयपुर

Swachhata Ka Sanskar: गलियां और सड़कें बनेंगी वार्ड की इज्जत का सवाल… अब हर माह होगा नंबर वन का ऐलान

जयपुर शहर को स्वच्छ रखने को लेकर हैरिटेज निगम ने वार्डों के बीच प्रतिस्पर्धा कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए 'माय वार्ड, बेस्ट वार्ड' अभियान की शुरुआत की गई है।
2 min read
Aug 22, 2025
Swachhata Ka Sanskar
स्वच्छता का संस्कार (फोटो सोर्स-पत्रिका)

जयपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हैरिटेज नगर निगम ने एक नई पहल की है। माय वार्ड, बेस्ट वार्ड अभियान के तहत अब हर माह वार्डों की स्वच्छता रैंकिंग जारी की जाएगी। यह प्रतियोगिता 25 अगस्त से शुरू होगी।

निगम की टीम और थर्ड पार्टी मिलकर सर्वेक्षण करेंगी। इस प्रक्रिया के लिए निगम स्तर पर एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। सर्वेक्षण हर माह 25 से 30 तारीख के बीच होगा। इसके लिए 10 बिंदुओं की एक चेकलिस्ट बनाई गई है। हर बिंदु को 10 अंक दिए जाएंगे। यानी कुल 100 अंकों के आधार पर रैंकिंग होगी। तीन विजेता वार्डों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

चेकलिस्ट के प्रमुख बिंदु

  • सार्वजनिक स्थलों (कम से कम पांच स्थान) पर सफाई की स्थिति।
  • घर-घर कचरा संग्रहण का प्रतिशत।
  • गीले, सूखे और घातक कचरे का पृथक्करण। वार्ड की सभी गाड़ियों की जांच।
  • ओपन डिपो की संख्या और उन्हें बंद करने की कार्यवाही।
  • दुकानों पर कचरा पात्र की उपलब्धता और दो अलग-अलग पात्रों की व्यवस्था। कम से कम 50 घरों व दुकानों का निरीक्षण।
  • सीएनडी वेस्ट का सही निस्तारण। कहीं खुले में पड़ा तो नहीं।
  • व्यापार मंडल और विकास समितियों का सहयोग व बैठकें।
  • 3डी (रिड्यूज, रीयूज, रीसाइकिल) की गतिविधियां और कबाड़ से कमाल के नवाचार ।
  • जागरूकता गतिविधियां : हस्ताक्षर अभियान, रैलियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर आदि।
  • कॉलोनियों में 10-10 लोगों से फीडबैक और उसका मूल्यांकन।

अभियान की प्रमुख बातें

  • सर्वेक्षण गूगल फॉर्म के माध्यम से किया जाएगा।
  • सभी वार्डों की भागीदारी अनिवार्य होगी।
  • हर माह तीन विजेता वार्ड घोषित किए जाएंगे।
  • सफाई निरीक्षक को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिलेगा।
  • कम रैंक वाले वार्डों के लिए सुधारात्मक कार्य योजना बनाई जाएगी।

निगम की मंशा

स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर माय वार्ड, बेस्ट वार्ड प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसमें वार्ड वाइज सफाई प्रतियोगिता करवाई जाएगी और निर्धारित मानदंडों पर चयन होगा। अच्छे काम वाले सफाई निरीक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, कम रैंक वाले वार्डों के लिए सुधारात्मक प्लान बनाकर कार्य किया जाएगा। -निधि पटेल, आयुक्त, हैरिटेज नगर निगम

Updated on:
22 Aug 2025 09:33 am
Published on:
22 Aug 2025 09:33 am