
जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इन दिनों यात्रियों के लिए सफर करना किसी अग्निपरीक्षा से कम साबित नहीं हो रहा है। बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी होने और विमान में बैठने के ऐन वक्त पर ‘तकनीकी खराबी’ का हवाला देकर यात्रियों को नीचे उतारने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आए दिन हो रही इन घटनाओं ने एयरलाइंस की प्री-फ्लाइट चेकिंग और मेंटेनेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रीभार बढ़ने के साथ ही मुसाफिरों की परेशानियां भी बढ़ रही हैं। यात्रियों को फ्लाइट में बैठाने के बाद खराबी बताकर टर्मिनल में उतारा जा रहा है। इस प्रक्रिया में दो से तीन घंटे यूं ही निकल जाते हैं। स्थिति तब और विकट हो जाती है, जब एयरक्राफ्ट की खराबी दूर नहीं होती और वैकल्पिक इंतजाम करने में एयरलाइन घंटों लगा देती है। कई बार अगली उड़ान का विकल्प अगले दिन का दिया जाता है, जिससे यात्रियों को भारी संकट झेलना पड़ता है। नौकरी, कारोबार, मेडिकल इमरजेंसी या पर्यटन के लिए जाने वाले लोगों का पूरा शेड्यूल बिगड़ रहा है।
शनिवार को जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में रवाना होने से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई। विमान में करीब 150 यात्री सवार हो चुके थे। आधे घंटे बाद सभी को नीचे उतारकर टर्मिनल लाया गया और बाद में उड़ान रद्द कर दी गई।
11 नवंबर को जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में बोर्डिंग के बाद खराबी आ गई। यात्री करीब दो घंटे तक विमान के अंदर ही बैठे रहे। सुधार न होने पर यात्रियों को उतारकर फ्लाइट रद्द की गई और अगले दिन का विकल्प दिया गया।
पिछले महीने जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली उड़ान में बोर्डिंग पूरी होने के बाद पायलट को तकनीकी खामी महसूस हुई। इसके चलते यात्रियों को टर्मिनल पर चार घंटे तक लंबा इंतजार करना पड़ा।
एविएशन क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि उड़ान से पहले विमान की गहन तकनीकी जांच (प्री-फ्लाइट चेक) अनिवार्य होती है। बोर्डिंग के बाद बार-बार खराबी सामने आना एयरलाइंस के मेंटेनेंस शेड्यूल में लापरवाही या विमानों के अत्यधिक उपयोग (ओवर-यूटिलाइजेशन) का नतीजा हो सकता है।
डीजीसीए के नियमों के तहत दो घंटे से अधिक की देरी होने या बोर्डिंग के बाद उतारने पर एयरलाइंस की यह जिम्मेदारी है कि वह समय पर सही सूचना, रिफ्रेशमेंट और बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराए।