जयपुर

गर्मी से हाल-बेहाल, 3 दिन में 5 डिग्री उछला पारा

तीन दिन में राजधानी में रात के तापमान में पांच डिग्री तक हुई बढ़ोतरी से गर्मी के तीखे तेवर रात में भी महसूस होने लगे हैं।

2 min read
Apr 04, 2018
weather in jaipur

अप्रैल माह की शुरुआत में ही न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा

जयपुर

उत्तरी राज्यों में सक्रिय हो रहे चक्रवाती तंत्र के असर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। बादलों की आवाजाही रहने से जहां पारे में उतार-चढ़ाव बना रहा है, वहीं धूलभरी हवाएं चलने से पूर्वोत्तर हिस्सों में गर्मी की बढ़ती रफ्तार भी फिलहाल सुस्त है। हालांकि राजधानी में बीती रात रही बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में दो डिग्री बढ़ोतरी हुई और अप्रैल माह की शुरुआत में ही न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। बीते तीन दिन में राजधानी में रात के तापमान में पांच डिग्री तक हुई बढ़ोतरी से गर्मी के तीखे तेवर रात में भी महसूस होने लगे हैं।

दो-तीन दिनों तक पश्चिमी हिस्सों में गर्मी के तीखे तेवर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल गर्मी के तीखे तेवर बरकरार रहेंगे, लेकिन उत्तरी राजस्थान में धूलभरी हवाओं के साथ छितराई बौछारें गिरने पर पारे में आंशिक गिरावट झुलसाती गर्मी से थोड़ी राहत दिला सकती है। लेकिन जोधपुर , बीकानेर डिवीजन में अगले चौबीस घंटे में गर्मी के तेवर तीखे बने रहेंगे।


राजधानी में सुबह हवा की रफ्तार थमी रही
राजधानी में आज सुबह हवा की रफ्तार थमी रही, वहीं आद्र्रता 13 फीसदी होने से गर्मी का असर महसूस हुआ। आज सुबह 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण सुबह नौ बजे तक ही दिन का तापमान 33 डिग्री के पार चला गया। मंगलवार को रही बादलों की आवाजाही भी आज थम गई, ऐसे में आज दोपहर में धूप की तपिश बढऩे और झुलसाती गर्मी का असर शहरवासियों को महसूस हो सकता है।

प्रदेश में बीती रात यूं रहा न्यूनतम तापमान
अजमेर— 26.4
जोधपुर— 25.0
भीलवाड़ा— 17.4
वनस्थली— 19.2
अलवर— 23.3
जयपुर— 26.7
पिलानी— 21.8
सीकर— 24.0
कोटा— 25.2
सवाई माधोपुर— 23.6
भरतपुर— 21.0
बूंदी— 22.6
चित्तौड़— 18.0
डबोक— 18.8
बाड़मेर— 27.2
जैसलमेर— 25.1
माउंट आबू— 17.0
बीकानेर— 22.7
चूरू— 22.1
श्रीगंगानगर— 21.2
— तापमान डिग्री सेल्सियस में

Published on:
04 Apr 2018 12:10 pm