
जयपुर .जहीर खान के बड़े प्रशंसक होने के कारण इन्होंने एथलेटिक्स छोड़ क्रिकेट को अपनाया और आज ट्वंटी-20 क्रिकेट में वह कारनामा कर डाला, जिसका सपना हर युवा गेंदबाज देखता है। हम बात कर रहे हैं राजस्थान के भरतपुर निवासी आकाश चौधरी का, जिन्होंने जयपुर में आयोजित एक ट्वंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को चार ओवर में बगैर कोई रन दिए सभी 10 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया। 15 वर्षीय लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर आकाश ने दिशा क्रिकेट एकेडमी की ओर से खेलते हुए पर्ल एकेडमी के खिलाफ यह कारनामा किया।
32 रन पर समेटी टीम
दिशा एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में आकाश की घातक गेंदबाजी के सामने पर्ल एकेडमी टीम महज 32 रन पर ढेर हो गई। प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सभी दस विकेट आकाश ने झटके और अपनी टीम को 124 रन से जीत दिलाई।
ऐसे किया कारनामा
02 विकेट पहले ओवर में झटके
02 ओवर में फिर दो विकेट लिए
03 ओवर में भी दो विकेट चटकाए
04 विकेट लिए हैटट्रिक समेत चौथे ओवर में
बड़े भाई को देख हुआ लगाव
भरतपुर के एक छोटे से गांव नागेला राम रतन में वर्ष 2002 में जन्में आकाश का क्रिकेट की ओर रुझान अपने बड़े भाई को देखकर हुआ जो कि जिला स्तरीय क्रिकेटर हैं। आकाश ने इस रिकॉर्ड प्रदर्शन के बाद कहा कि आज मेरा दिन अच्छा था इसलिए मैं सभी विकेट लेने में सफल रहा। आकाश ने कहा, बड़े भाई को देख मेरा झुकाव क्रिकेट की ओर हुआ, मैं उनके साथ अक्सर मैच देखने जाता था और वहां गेंदबाजों की नकल करने की कोशिश करता था। लेकिन कोच विवेक यादव के पास आने के बाद मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है और में लगातार सीखते रहना चाहता हूं। आकाश ने कहा, मेरा पहला लक्ष्य राजस्थान की अंडर-16 टीम में जगह बनाना है।
एथलेटिक्स छोड़ बने तेज गेंदबाज
रणजी खिलाड़ी और कोच विवेक यादव ने बताया कि करीब ढाई साल पहले आकाश के पिता उसे यहां लेकर आए थे। आकाश पहले एथलेटिक्स से जुड़े थे और बीकानेर स्थित शार्दुल स्पोट्र्स स्कूल में अभ्यासरत थे। लेकिन आकाश के क्रिकेट के प्रति लगाव को देख उनके पिता उन्हें जयपुर ले आए। विवेक ने बताया कि बस तब से आकाश अरावली एकेडमी से जुड़ा हुआ है। वह अंडर-16 में राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज है और इनस्विंग व आउटस्विंग गेंद कराने में उसे महाराथ हासिल है।