जयपुर

जयपुर में चोरों ने 13 मिनट में लूट ली 20 किलो चांदी, मंदिर से बनाया रास्ता, CCTV में कैद हो गई पूरी वारदात

20KG Silver Stolen In Jaipur Factory: जयपुर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शातिर चोरों ने मंदिर के रास्ते आभूषण कारखाने में घुसकर महज 13 मिनट में करीब 20 किलो चांदी पार कर दी।

2 min read
Apr 13, 2026
CCTV की फोटो

Jaipur Crime: राजस्थान की राजधानी जयपुर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शातिर चोरों ने बेखौफ होकर आभूषण कारखाने को निशाना बनाया। करीब एक घंटे तक लगातार सुरक्षा परतें तोड़ने के बाद महज 13 मिनट में 45 लाख रुपए से अधिक की चांदी समेटकर फरार हो गए।

कारखाना के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चांदपोल बाजार स्थित जाट के कुएं का रास्ता निवासी व्यापारी बलराम सोनी ने सदर थाने में मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड पर दिगंबर जैन मंदिर के पास उनका आभूषण निर्माण कारखाना है, जिसके पीछे मंदिर परिसर स्थित है।

मंदिर से कारखाने तक तोड़ी सुरक्षा की हर परत

चोरों ने सबसे पहले मंदिर परिसर का ताला तोड़ा और वहां से कारखाने की ओर रास्ता बनाया। इसके बाद पत्थर की पट्टी तोड़ी, चैनल गेट उखाड़ा और लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान आसपास कोई हलचल नहीं हुई और चोर बड़ी सावधानी से आगे बढ़ते रहे।

चोरी के लिए एक घंटे तक इधर की तोड़ फोड़ (फोटो: पत्रिका)

काउंटर तक पहुंचकर करीब 20 किलो चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत 45 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है, कट्टों और थैलों में भरकर ले गए। सीसीटीवी कैमरों के अनुसार वारदात शनिवार देर रात करीब 2 बजे शुरू हुई और तड़के 3:20 बजे तक चोर सामान समेटकर निकल गए, और मौके से फरार हो गए।

बिना नकाब, बेखौफ अंदाज में वारदात

जांच में सामने आया है कि दो चोरों ने इस पूरी घटना को अंजाम दिया और दोनों ने मुंह पर किसी प्रकार का नकाब भी नहीं लगाया था। वारदात के दौरान वे बेहद सतर्क नजर आए और लगातार आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।

वारदात के बाद वे रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां पहले से मौजूद गैंग के अन्य सदस्य दो महिलाएं और एक पुरुष उनसे मिले। चोरी का सामान कपड़ों से ढककर सभी वहां से बाहर निकले और सिंधी कैंप की ओर फरार हो गए। चोर साथ लाए मोबाइल की टॉर्च से रोशनी करते नजर आए और अंधेरे का फायदा उठाकर तेजी से आगे बढ़ते रहे।

सीसीटीवी के आधार पर तलाश तेज

सदर थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में टीमें जुटी हुई हैं।

ये भी पढ़ें

Jaipur Crime : जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ मामले में मचा हड़कंप, दो पुलिसकर्मी निलम्बित, आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
Updated on:
13 Apr 2026 09:16 am
Published on:
13 Apr 2026 09:15 am
Also Read
View All