जयपुर

Rajasthan Weather: फिर बढ़ेगी गर्मी, 48 घंटे बाद शुरू होगा हीटवेव का नया दौर, आज 2 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Heat-wave Yellow Alert: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। अगले 48 घंटों के बाद प्रदेश में हीटवेव (लू) का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई है, जिससे गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा। वहीं कुछ जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है।

2 min read
May 07, 2026
फाइल फोटो: पत्रिका

IMD Rain Alert: राजस्थान में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम हो जाएंगी। हालांकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में अगले 2 से 3 दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और मध्यम स्तर की मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Weather: बैक टू बैक फिर आ रहा पश्चिमी विक्षोभ, मौसम विभाग ने दी आंधी और झमाझम बारिश की चेतावनी

तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते एक बार फिर गर्मी का असर तेज होगा और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

जोधपुर में 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, हीटवेव की चेतावनी

9 मई के आसपास जोधपुर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव (लू) का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। साथ ही जोधपुर और आसपास के इलाकों में 7 मई से 3-4 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है।

कोटा-भरतपुर में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

कोटा और भरतपुर जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है। इन इलाकों में मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है और कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

आंधी-बारिश के कारण राजस्थान में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन के तापमान में लगभग 4 डिग्री और रात के तापमान में करीब 6 डिग्री तक की कमी आई है। फलोदी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और रात का पारा 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।

अलवर में दिन के पारे में 2.2 डिग्री से. की बढ़ोतरी

अलवर में अंधड़-बारिश के थमने के साथ ही एक बार फिर पारा चढ़ने लगा है। बुधवार को दिन के तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस और रात के तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। 8 मई को बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है, 12 मई तक आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Weather: मौसम का तेवर बदला! तापमान में भारी गिरावट, राजस्थान के 15 जिलों में येलो अलर्ट
Published on:
07 May 2026 10:45 am
Also Read
View All