जयपुर

DG-IG Conference: जयपुर में 3 दिवसीय डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस आज से, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी होंगे शामिल

DG-IG Conference: 58 वीं तीन दिवसीय पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक (डीजी-आईजी) काॅन्फ्रेंस शुक्रवार से राजधानी के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में शुरू होगी।
2 min read
• •
Updated: 5 Jan 2024, 7:40 AM IST
modi_ji_amit_shah.jpg

DG-IG Conference: 58 वीं तीन दिवसीय पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक (डीजी-आईजी) काॅन्फ्रेंस शुक्रवार से राजधानी के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में शुरू होगी। इसका उद्घाटन केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर ढाई बजे करेंगे। काॅन्फ्रेंस में बाहरी व आंतरिक सुरक्षा के मुद्दों के साथ इस पर कई अहम बिंदु शामिल किए गए हैं। इनमें न्यूक्लियर-बायोलाॅजिकल थ्रेट, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस), डीप फेक, साइबर अपराध, पुलिस व्यवस्था में प्रौद्योगिकी, आतंकवाद विरोधी चुनौतियां, वामपंथी उग्रवाद, जेल सुधार और आंतरिक सुरक्षा मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इस मंथन में सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक व देश की सभी केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख भाग लेंगे।

अमित शाह शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से सीधे आरआईसी जाएंगे। वे शुक्रवार रात और शनिवार रात सहकार मार्ग स्थित विद्युत प्रसारण निगम के गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एयरपोर्ट और फिर वहां से सीधे बीजेपी कार्यालय पहुंचेंगे। उनके ठहरने की व्यवस्था राजभवन में की गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल भी वहीं ठहरेंगे।

11 से 12 घंटे होगा मंथन, मोदी सुबह 8.15 बजे पहुंचेंगे कॉन्फ्रेंस में
कॉन्फ्रेंस में पहले दिन करीब छह घंटे विभिन्न मुद्दों पर मंथन होगा। पहले दिन ढाई बजे उद्घाटन के बाद रात करीब नौ बजे तक कॉन्फ्रेंस चलेगी। शनिवार को सुबह नौ से रात नौ बजे तथा तीसरे दिन रविवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चर्चा होगी। प्रधानमंत्री दूसरे और तीसरे दिन पूरे समय उपस्थित रहेंगे। वे सुबह करीब 8.15 बजे आरआईसी पहुंचेंगे।

वर्ष 2014 से हो रही है कॉन्फ्रेंस
प्रधानमंत्री ने डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस वर्ष 2014 में शुरू की थी। पहली कॉन्फ्रेंस 2014 में गुवाहाटी फिर 2015 में कच्छ के रण-धोरडो, 2016 में हैदराबाद की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, 2017 में टेकनपुर बीएसएफ अकादमी, 2018 में केवड़िया, 2019 में भारतीय विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान संस्थान पुणे, 2021 में लखनऊ पुलिस मुख्यालय और 2023 में राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा (नई दिल्ली) में आयोजित की गई।

Published on: