जयपुर

Rajasthan Panchayat Election: 2 बच्चों की शर्त खत्म होगी? अहम विधेयक पर आज विधानसभा में होगी चर्चा; ये मुद्दे भी उठेंगे

Rajasthan Assembly: विधानसभा में सोमवार को दो महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होगी। पक्ष और विपक्ष के सदस्यों की बहस के बाद दोनों विधेयकों को पारित कराया जाएगा।

less than 1 minute read
Mar 09, 2026
Rajasthan Assembly
राजस्थान विधानसभा। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। विधानसभा में सोमवार को दो महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होगी। पक्ष और विपक्ष के सदस्यों की बहस के बाद दोनों विधेयकों को पारित कराया जाएगा। सदन में प्रभारी मंत्री मदन दिलावर राजस्थान पंचायती राज (संशोधन) विधेयक-2026 सदन में चर्चा के लिए रखेंगे।

इस विधेयक के जरिए वर्ष 1994 के प्रावधानों में संशोधन किया जाएगा। प्रस्तावित बदलाव के तहत पंचायत चुनाव लड़ने के लिए लागू दो-बच्चों की अनिवार्यता को समाप्त करने का प्रावधान किया जा रहा है।

इसके अलावा प्रभारी मंत्री प्रेमचंद बैरवा राजस्थान आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा विश्वविद्यालय, अजमेर विधेयक-2026 पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य आयुष क्षेत्र में शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और विकास को मजबूत करना है।

साथ ही आयुष से जुड़े कॉलेजों की पढ़ाई और व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति, आयुष नीति और राज्य सरकार की स्वास्थ्य नीति के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए यह विश्वविद्यालय स्थापित और नियमित किया जाएगा।

ये मुद्दे उठेंगे

शून्यकाल के दौरान विधायक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से कई जनहित के मुद्दे उठाएंगे। इनमें जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों को चालू कराने और मक्का व बाजरा उत्पादक क्षेत्रों में बीज निगम की ओर से किसानों को निःशुल्क बीज वितरण नहीं होने से हो रही परेशानी जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।