जयपुर

‘वंदे मातरम्’ विवाद सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका बोले-राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए

'वंदे मातरम्' विवाद के बीच CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल में पार्टी वॉलंटियर पर कथित हमले, झारखंड के छात्र आंदोलन और अलवर के स्कूल से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
2 min read
Aug 16, 2026
Ashutosh Ranka
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका (Photo-IANS)

Vande Mataram Controversy: जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए और उनका कभी अनादर नहीं करना चाहिए। उन्होंने 'वंदे मातरम्' विवाद पर प्रतिक्रिया दी। साथ ही, उन्‍होंने पश्चिम बंगाल में सीजेपी वॉलंटियर पर हमले की निंदा की।

'वंदे मातरम्' का अनादर स्वीकार्य नहीं

कांग्रेस मुख्यालय में 'वंदे मातरम्' को पूरा गाने पर आपत्ति जताने के आरोपों पर सोनिया गांधी के बारे में सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि वंदे मातरम् हमारा राष्ट्रीय गीत है और इसका अनादर नहीं होना चाहिए। मेरे पास उस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं है, क्योंकि मैंने ऐसा कोई वीडियो नहीं देखा, लेकिन हमारे राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए और उनका कभी भी अनादर नहीं होना चाहिए। पूरे देश की भावनाएं इनसे जुड़ी हुई हैं, इसलिए इनका अनादर स्वीकार्य नहीं है।

बंगाल में वॉलंटियर के पिता की मौत का दावा, जांच की मांग

उन्होंने कहा कि बंगाल में हमारे वॉलंटियर अब्दुल- जो जंतर-मंतर पर भी लगातार मौजूद थे- बांकुरा जिले के इंदस पुलिस स्टेशन इलाके के रहने वाले हैं। 'स्कूल ठीक करो' कैंपेन के तहत वह अपने स्कूल गए, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। हालांकि, जब वह घर लौटे तो भाजपा के गुंडे उन्हें पीटने के लिए उनके घर पहुंच गए। उन्होंने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की, और जब उनके पिता उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए तो उन्होंने उनके पिता को भी पीटा। दुखद है कि उनके पिता की मौत हो गई।"

आशुतोष ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी की वजह से हमारी पूरी टीम बंगाल के लिए निकल रही है। हम अब्‍दुल के परिवार को इंसाफ मिलने तक वहां डटे रहेंगे। भाजपा से हम डरने वाले नहीं है, लेकिन राष्‍ट्रवादी पार्टी कहने वाली पार्टी को शर्म आनी चाहिए।

जयराम महतो पर कथित हमले की निंदा

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि 15 अगस्‍त के दिन बंगाल में छात्र प्रदर्शन का नेतृत्‍व कर रहे जयराम महतो के साथ जो हुआ, वह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। देश में चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो, आप हमारे छात्रों के साथ इतनी बेरहमी से पेश नहीं आ सकते और न ही उन पर हमला कर सकते हैं। आपको हमारे युवाओं की बात सुननी चाहिए। झारखंड के छात्रों की सभी मांगें पूरी तरह से जायज हैं और हम पहले दिन से ही उनके संपर्क में हैं। हमारी कोर टीम पहले हफ्ते से ही उनके साथ खड़ी है।

अलवर के स्कूल में जर्जर क्लासरूम का मुद्दा उठाया

अलवर स्‍कूल प्रोटेस्‍ट को लेकर आशुतोष रांका ने कहा कि अलवर के थानागाजी में जोधावास नाम की जगह पर एक स्कूल है, जहां क्लासरूम चार साल से जर्जर हालत में हैं। तीन दिन पहले, वहां एक क्लासरूम की छत गिर गई। गनीमत रही कि उस समय अंदर कोई बच्चा मौजूद नहीं था, क्योंकि सभी बच्चों को बाहर बैठाया गया था। छात्र चार साल से लगातार क्लासरूम की मरम्मत की मांग कर रहे थे। वहां शिक्षकों की कमी थी, लड़कियों के खेलने के लिए कोई खेल का मैदान नहीं था, और नदी पार करने के लिए कोई सही रास्ता भी नहीं था। इसी वजह से बच्चे विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। हम उनके समर्थन में खड़े रहे। शुरू में हमारी टीम को भाजपा के गुंडों से धमकियां मिलीं, लेकिन हम डटे रहे। आखिर में प्रशासन ने छात्रों की सभी मांगें मान लीं।

Updated on:
16 Aug 2026 06:39 pm
Published on:
16 Aug 2026 06:39 pm