जयपुर

Sushma Swaraj के निधन पर बोलीं Vasundhara Raje, ‘एक बड़ी बहन को खो दिया, मन के आघात को शब्दों में बयां करना मुश्किल’

Sushma Swaraj Demise LIVE Updates: राजे ने ट्वीट करते हुए शोक वक्तव्य जारी किया है। उन्होंने कहा है कि मन को हिला देने वाला ये समाचार सुनकर दिल को जो आघात पहुंचा है, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। मैंने एक बड़ी बहन को खो दिया।

3 min read
Aug 07, 2019

जयपुर।

पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे( Vasundhara Raje ) ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ( sushma swaraj ) के निधन पर शोक जताया है। राजे ने ट्वीट करते हुए शोक वक्तव्य जारी किया है। उन्होंने कहा है कि मन को हिला देने वाला ये समाचार सुनकर दिल को जो आघात पहुंचा है, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। मैंने एक बड़ी बहन को खो दिया।

ये लिखा शोक सन्देश में
राजे ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''पूर्व विदेश मंत्री तथा भाजपा की वरिष्ठ नेता श्रीमती सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन से मन को जो आघात पहुंचा है, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। उनका निधन केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।''

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक अलग ट्वीट में लिखा, ''एक ओजस्वी वक्ता, ऊर्जावान व्यक्तित्व व कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में देश में अलग पहचान बना चुकी सुषमा जी ने अपनी ईमानदारी, निःस्वार्थता व साहस के दम पर राजनीति में महिलाओं के लिए मार्ग प्रशस्त किया। एक अलौकिक नेता के रूप में उनके योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता।''

आगे उन्होंने लिखा, ''स्व.सुषमा जी से व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में मेरे घनिष्ठ संबंध थे। एक मित्र व सहयोगी के रूप में अपने अनुभव एवं करिश्माई नेतृत्व से उन्होंने सबके दिलों में अमिट छाप छोड़ी। महिला मोर्चा से लेकर राजनीति के शीर्ष पदों पर रहते हुए उन्होंने राष्ट्रसेवा का मार्ग कभी नहीं छोड़ा।''

''आदरणीया सुषमा जी समाजसेवा व राष्ट्र उत्थान के अपने कार्यों से हर हिंदुस्तानी के हृदय में हमेशा जिंदा रहेंगी। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। ॥ॐ शांति॥''

राज्यपाल कल्याण सिंह ने जताया शोक
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह नेे पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया। सिंह ने कहा कि स्वराज कुशल जनप्रतिनिधि थीं। वह साहसी, दूरदर्शी और मानवीय नेता थीं। वह लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहती थी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दु:ख घडी में शक्ति प्रदान करने के लिए परमात्मा से प्रार्थना की।


गहलोत, बिरला, शेखावत, पायलट ने जताई संवेदना
पूर्व विदेश मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुनकर गहरा आघात लगा है। मेरी ओर से उनके परिवार के सदस्यों के लिए हृदय से संवेदना है, ईश्वर उनको यह क्षति सहन करने की ताकत प्रदान करे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
-अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री

भारतीय राजनीतिक क्षितिज का चमकता हुआ सूर्य सुषमा स्वराज के रूप में अस्त हो गया है। वह एक कुशल प्रशासक और संवेदनशील राजनेता थीं। वह एक ओजपूर्ण वक्ता के साथ ही शालीन एवं सजग व्यक्तित्व की धनी थीं। आज देश ने एक बहुमूल्य राजनेता को खो दिया है।
- ओम बिरला, लोकसभा अध्यक्ष

सुषमा स्वराज के निधन का ह्रदय विदारक समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। उनका यकायक इस तरह चले जाना राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और नमन।
- गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री

पूर्व विदेश मंत्री का आकस्मिक निधन देश के राजनीतिक जगत के लिए बड़ी क्षति है। विदेश मंत्री और एक नेता के रूप में वो अपनी व्यवहार कुशलता के लिए सदैव जानी जाएंगी। मैं उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर परिजनों को दु:ख सहने के हौसला दे।
-सचिन पायलट, उपमुख्यमंत्री

सुषमा स्वराज का निधन राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। वो हम जैसे करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की आदर्श थीं। उनका जीवन और जनता के प्रति सेवाभाव सभी को मार्गदर्शन देता रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
-दीया कुमारी, सांसद

Updated on:
07 Aug 2019 11:22 am
Published on:
07 Aug 2019 11:16 am
Also Read
View All