जयपुर

Rajasthan Assembly 75 Years: उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष आज आएंगे जयपुर, कई मार्गों पर यातायात रहेगा प्रभावित

राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को जयपुर में 'विधायी गौरव यात्रा' सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
3 min read
Jul 15, 2026
om birla cp radhakrishnan
फोटो: सोशल मीडिया

Today Jaipur Traffic Route: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। दोनों नेता राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 'विधायी गौरव यात्रा : पूर्व एवं वर्तमान सदस्यों के सम्मेलन' में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सुबह 8:15 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे लोक भवन जाएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे राजस्थान विधानसभा पहुंचकर 75वें वर्ष पर आयोजित वर्तमान एवं पूर्व विधायकों के समागम कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

वहीं उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दोपहर करीब 3:30 बजे जयपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से उनका काफिला जवाहर सर्कल, जेएलएन मार्ग, जेडीए सर्किल, रामबाग सर्किल और अम्बेडकर सर्किल होते हुए राजस्थान विधानसभा पहुंचेगा, जहां वे सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति शाम करीब 6 बजे जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात जाम की स्थिति से बचा जा सके।

फोटो: पत्रिका

75 साल का लोकतांत्रिक सफर… आज एक मंच पर आएगा नजर

राजस्थान विधानसभा के लोकतांत्रिक सफर के 75वें वर्ष में प्रवेश का ऐतिहासिक उत्सव बुधवार से शुरू होगा। अमृत महोत्सव के तहत आयोजित पहले कार्यक्रम में पहली से लेकर वर्तमान 16वीं विधानसभा तक के पूर्व और वर्तमान विधायक एक ही मंच पर जुटेंगे। सात दशक से अधिक की संसदीय यात्रा के साक्षी रहे जनप्रतिनिधि लोकतंत्र के बदलते स्वरूप, विधायी परंपराओं, जनविश्वास और भविष्य की चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। विधानसभा का उद्देश्य इस समागम के जरिए सदन की उस स्वस्थ परंपरा को फिर से मजबूत करने का संदेश देना है, जिसमें दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा होती थी।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को समारोह की तैयारियों का जायजा लेकर बताया कि समारोह का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे, जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे। समारोह बुधवार सुबह 10 बजे शुरू होगा और शाम 4 बजे समापन होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी रहेगी।

अमृत महोत्सव के पहले चरण में 75 वर्षों की संसदीय यात्रा का मूल्यांकन किया जाएगा। इस दौरान राज्य के महत्वपूर्ण कानूनों, सामाजिक परिवर्तनकारी निर्णयों, संसदीय परंपराओं और विधान सभा के डिजिटल रूपांतरण पर चर्चा होगी। समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। विधानसभा भवन को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जबकि शहरभर में अतिथियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजस्थान विधानसभा के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।

लोकतंत्र के 75 वर्ष, सालभर होंगे चार बड़े आयोजन

अमृत महोत्सव के तहत पूरे वर्ष चार प्रमुख कार्यक्रम होंगे। पहले पूर्व एवं वर्तमान विधायकों का समागम होगा। दूसरे में देशभर की युवा महिला, तीसरे में युवा पुरुष विधायकों और चौथे कार्यक्रम में देशभर के विधायकों को एकसाथ एक मंच पर लाकर लोकतंत्र के इतिहास का गवाह बनाने को लेकर होगा।

इन मुद्दों पर होगा मंथन

  • 75 वर्षों के प्रमुख एवं ऐतिहासिक कानून
  • सामाजिक परिवर्तनकारी फैसलों की समीक्षा
  • संसदीय परंपराएं और लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षण
  • सदन की गरिमा और जनविश्वास को मजबूत करने के उपाय
  • विधानसभा के डिजिटल रूपांतरण और भविष्य की चुनौतियां

ऐसे बढ़ती गईं विधानसभा सीटें

वर्ष 1952 — 160
वर्ष 1957 — 176
वर्ष 1962 — 176
वर्ष 1967 — 184
वर्ष 1972 — 184
वर्ष 1977 — 200

अब तक 12 मुख्यमंत्री, कौन कितनी बार

टीकाराम पालीवाल
जयनारायण व्यास
मोहनलाल सुखाड़िया (4 कार्यकाल)
बरकतुल्ला खान (2)
हरिदेव जोशी (2)
जगन्नाथ पहाड़िया
शिवचरण माथुर (2)
हीरालाल देवपुरा
भैंरोसिंह शेखावत (3)
अशोक गहलोत (3)
वसुंधरा राजे (2)
भजनलाल शर्मा (वर्तमान)

75 वर्षों की झलक, अब तक…

  • 38 राज्यपाल
  • 12 मुख्यमंत्री
  • 18 विधानसभा अध्यक्ष
  • 19 उपाध्यक्ष
  • 19 सरकारी मुख्य सचेतक
  • 13 सरकारी उप मुख्य सचेतक
  • 16 नेता प्रतिपक्ष
Updated on:
15 Jul 2026 07:30 am
Published on:
15 Jul 2026 07:11 am